• Home
  • यूपी
  • बीटीएफ की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की हुई समीक्षा
बीटीएफ की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की हुई समीक्षा

बीटीएफ की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की हुई समीक्षा

गौरा (प्रतापगढ़), 6 फरवरी 2026। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विकासखंड गौरा मुख्यालय पर ब्लॉक टास्क फोर्स (बीटीएफ) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना और वैक्सीनेशन में जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं का समाधान तलाशना रहा।

बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा के अधीक्षक डॉ. अजय कुमार सिंह, प्रभारी खंड विकास अधिकारी मो. राशिद, खंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि विनोद कुमार शर्मा, बीएमसी नरेन्द्र कुमार मिश्र प्रमुख रुप से उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता भी बैठक में मौजूद रहीं, जिन्होंने गांव स्तर पर हो रहे कार्यों की जानकारी साझा की।

बैठक के दौरान एनडीडी, वीएबी फैमिली तथा एएनसी टेबल से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीकरण, नियमित जांच, पोषण परामर्श और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए एएनसी सेवाओं का सही और समयबद्ध क्रियान्वयन बेहद आवश्यक है।

प्रभारी खंड विकास अधिकारी मो. राशिद ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग मिलकर कार्य करें, तभी योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीण जनता तक पहुंच सकेगा। खंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि विनोद कुमार शर्मा ने स्कूलों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की बात कही।

बैठक में आशा कार्यकर्ताओं ने फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों को अधिकारियों के सामने रखा। इस पर अधिकारियों ने समस्याओं के त्वरित समाधान और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।