• Home
  • छत्तीसगढ़
  • स्वच्छ रैंकिंग में टॉप पर आने जोन 3 की कमिश्नर ने की बैठक, दिये निर्देश
स्वच्छ रैंकिंग में टॉप पर आने जोन 3 की कमिश्नर ने की बैठक

स्वच्छ रैंकिंग में टॉप पर आने जोन 3 की कमिश्नर ने की बैठक, दिये निर्देश

रायपुर, 13 फरवरी 2026। रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा स्वच्छ रैंकिंग 2025-26 में रायपुर शहर को उत्कृष्ट स्थान दिलाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। महापौर श्रीमती मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर एवं आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर शहर के सभी जोनों में विशेष अभियान की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

इसी क्रम में आज नगर निगम के जोन 3 शंकर नगर कार्यालय में जोन कमिश्नर श्रीमती प्रीति सिंह ने विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे, जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार ताण्डी, स्वच्छता निरीक्षक, वार्ड स्वच्छता प्रभारी, वार्ड सुपरवाइजर एवं सफाई ठेकेदार उपस्थित रहे।

जोन कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के मानकों के अनुरूप जोन 3 के सभी सात वार्डों में ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई, नालियों की सफाई तथा कचरा पृथक्करण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में नागरिक सहभागिता बढ़ाने, स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाने तथा वार्ड स्तर पर मॉनिटरिंग प्रणाली को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सर्वेक्षण टीम के आगमन से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

नगर निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि सामूहिक प्रयास, अनुशासन और सतत निगरानी के माध्यम से रायपुर को स्वच्छ रैंकिंग 2025-26 में श्रेष्ठ स्थान दिलाया जाए। निगम अधिकारियों ने विश्वास जताया कि टीमवर्क और जनसहभागिता से यह लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जाएगा।