प्रतापगढ़, 23 फरवरी 2026। यूपी के प्रतापगढ़ में विवाहिता की हत्या का अनोखा मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले को खुलासा किया तो लोगों ने दांतो तले उंगली दबा ली। विवाहिता जिस युवक से प्रेमालाप कर रही थी, उसकी पत्नी ने करीब 35 किलोमीटर दूर से भतीजे के साथ उसके घर पहुंचकर उसकी हत्या कर दी।
मामला देल्हूपुर थाना क्षेत्र के सहेरुआ गांव की है। यहां 21 फरवरी को घर के भीतर विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया था। विवाहिता की सास ने मामले की एफआईआर देल्हूपुर थाने में दर्ज कराई थी। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने पुलिस टीम गठित की थी।
सोमवार 23 फरवरी को अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने मीडिया को बताया कि पुलिस टीमों ने घटनास्थल से प्राप्त भौतिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के आधार पर अभियुक्तों की शिनाख्त एवं गिरफ्तारी के लिए सतत अभियान चलाया।
थाना प्रभारी देल्हूपुर राधेबाबू मय हमराह तथा स्वाट टीम प्रभारी उप निरीक्षक अमित कुमार चौरसिया मय हमराह द्वारा सर्विलांस सेल की सहायता से वांछित अभियुक्तों की तलाश एवं पूछताछ की कार्यवाही की जा रही थी। पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार सोनू गुप्ता पुत्र प्रेमचन्द्र गुप्ता निवासी ग्राम चमरुपुर शुक्लान, थाना लीलापुर जनपद प्रतापगढ़, उम्र करीब 28 वर्ष और मंजू गुप्ता पत्नी अजय गुप्ता निवासी दुन्दा का पुरवा, थाना जेठवारा जनपद प्रतापगढ़, उम्र करीब 39 वर्ष को थाना लीलापुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम चमरुपुर शुक्लान से गिरफ्तार किया।
सोनू, मंजू गुप्ता का भतीजा है। पुलिस ने पूछता की तो अभियुक्ता मंजू गुप्ता ने अपराध स्वीकार कर लिया। मंजू ने बताया कि मृतका मेरे पति से बात करती थी। इस कारण मेरे पति मुझे छोड़ना चाहते थे और मारपीट करते थे। अपना परिवार बचाने के लिए मैं अपने भतीजे सोनू गुप्ता पुत्र प्रेमचन्द्र गुप्ता के साथ 21 फरवरी 2026 को मृतका को समझाने उसके घर गयी थी।
जहां पर हाथापाई के दौरान आवेश में आकर हम लोगों ने मिलकर मृतका पहने हुई साड़ी से उसका गला घोट दिया तथा वहां से भाग निकले थे।















