• Home
  • यूपी
  • कहला सीएचसी में लगा कैंसर स्क्रीनिंग कैंप, लोगों को दी गई उपयोगी जानकारी
कहला सीएचसी में लगा कैंसर स्क्रीनिंग कैंप

कहला सीएचसी में लगा कैंसर स्क्रीनिंग कैंप, लोगों को दी गई उपयोगी जानकारी

गौरा (प्रतापगढ़), 25 फरवरी 2026। प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज तहसील क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कहला में बुधवार 25 फरवरी 2026 को कैंसर स्क्रीनिंग कैंप आयोजित कर ग्रामीण अंचल में बढ़ते कैंसर जोखिम को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की पहल पर आयोजित इस कैंप में सर्वाइकल, ब्रेस्ट और ओरल कैंसर की जांच पर विशेष फोकस रखा गया।

सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष जांच के लिए केंद्र पर पहुंचने लगे थे। पंजीकरण के बाद क्रमवार स्क्रीनिंग की गई। चिकित्सकों ने बताया कि शुरुआती अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर उपचार की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है, इसलिए समय-समय पर जांच बेहद जरूरी है।

कैंप में डा. स्रेहा सिंह, डा. मीतू कुमारी और डा. वेदिका श्रीवास्तव ने प्रमुख भूमिका निभाई। चिकित्सकों की टीम ने महिलाओं को सर्वाइकल और स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षणों, स्वयं जांच की प्रक्रिया और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। ओरल कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए तंबाकू और गुटखा सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला गया।

सीएचओ प्रिया यादव विशेष रूप से उपस्थित रहीं और व्यवस्थाओं की निगरानी की। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण अक्सर मरीज देर से अस्पताल पहुंचते हैं, जिससे उपचार जटिल हो जाता है। ऐसे कैंपों का उद्देश्य लोगों को समय रहते सचेत करना है।

एएनएम राजकुमारी यादव, स्टाफ नर्स दीपा राय और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने जांच प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग दिया। कैंप में आए नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से गांव स्तर पर ही गंभीर बीमारियों की पहचान संभव हो पाती है।