• Home
  • यूपी
  • महामूर्ख सम्मेलन में धर्माचार्य ओमप्रकाश के व्यंग्य बाणों पर लगे ठहाके
गोपाल मंदिर परिसर में होली मिलन एवं महामूर्ख सम्मेलन

महामूर्ख सम्मेलन में धर्माचार्य ओमप्रकाश के व्यंग्य बाणों पर लगे ठहाके

प्रतापगढ़, 6 मार्च 2026। शहर के ऐतिहासिक गोपाल मंदिर परिसर में होली मिलन एवं महामूर्ख सम्मेलन का आयोजन बेहद हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। लोकतंत्र सेनानी शिव प्रकाश मिश्र ‘सेनानी’ की अध्यक्षता और गंगा प्रसाद पांडे ‘भावुक’ के संचालन में हुए इस कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और हास्य-व्यंग्य की अनूठी त्रिवेणी देखने को मिली।

धर्माचार्य ओमप्रकाश पांडे अनिरुद्ध रामानुज दास ने अपनी चिरपरिचित शैली में विधायक राजेंद्र मौर्य, पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता और ओमप्रकाश त्रिपाठी पर तीखे व्यंग्य बाण चलाकर श्रोताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने बताया कि यह परंपरा यहां 100 वर्षों से जीवित है।

स्व. विंध्यवासिनी श्रीवास्तव को समर्पित रहा आयोजन

इस वर्ष का सम्मेलन पूर्व एमएलसी स्व. विंध्यवासिनी श्रीवास्तव की स्मृति को समर्पित रहा। सदर विधायक राजेंद्र प्रसाद मौर्य ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि विंध्यवासिनी जी इस आयोजन के प्राण थे। उनके समय से चली आ रही यह परंपरा आज भी सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोने का काम कर रही है।

राष्ट्रभक्ति के गीतों ने मोहा मन

कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का रंग भी दिखा। संघ के विभाग संचालक रमेश तिवारी ने ओजस्वी राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत किया, वहीं विभाग प्रचारक ओमप्रकाश शुक्ला ने सनातन धर्म और राष्ट्र की एकता पर प्रकाश डालते हुए होली को जोड़ने वाला त्योहार बताया।

अगले वर्ष होगा इतिहास की पत्रिका का विमोचन

धर्माचार्य ने स्व. विंध्यवासिनी जी की इच्छा के अनुरूप इस आयोजन के इतिहास पर एक पत्रिका प्रकाशित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर अध्यक्ष शिव प्रकाश मिश्र ने प्रकाशन का पूरा व्यय वहन करने की घोषणा की। कार्यक्रम के अंत में जयति श्रीवास्तव ने अपने पिता के संस्मरण साझा करते हुए सबका आभार व्यक्त किया।

इन दिग्गजों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम को संगम लाल गुप्ता पूर्व सांसद, श्याम शंकर शुक्ल श्याम, राज नारायण शुक्ल राजन, हेमंत मिश्रा जिला कार्यवाह, संभव जी, डॉ राजेंद्र सिंह राज, शीतला सुजान आदि ने अपनी रचना के माध्यम से लोगों को गुदगुदाया। इसके अतिरिक्त आशीष श्रीवास्तव अध्यक्ष भाजपा, ओमप्रकाश त्रिपाठी पूर्व अध्यक्ष भाजपा, विशाल सिंह प्रतिनिधि प्रेमलता सिंह अध्यक्ष नगर पालिका, आचार्य ओमप्रकाश मिश्रा एडवोकेट, गिरीश चंद्र सिन्हा एडवोकेट, महीप सिंह सिंह एडवोकेट, सरदार मंजीत सिंह अध्यक्ष व्यापार मंडल, ओम प्रकाश खंडेलवाल लोकतंत्र सेनानी, सौरभ पांडे, शिवानी मातन हेलिया, संतोष त्रिपाठी एडवोकेट, अशोक शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, लव श्रीवास्तव, कुश श्रीवास्तव सहित अनेक लोगों ने होली के माहौल को खुशनुमा बनाया।