यूपी

प्रतापगढ़ के ग्राम पंचायत अधिकारियों की खुली पोल, एक निलंबित कई पर कार्रवाई की तलवार

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On मार्च 11, 2026
1 min read • 1.2k views
प्रतापगढ़ के ग्राम पंचायत अधिकारियों की खुली पोल

प्रतापगढ़, 11 मार्च 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में ग्राम पंचायत अधिकारियों द्वारा की जा रही लापरवाही की पोल मुख्य विकास अधिकारी की बैठक में खुल गयी। मुख्यमंत्री विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा ने कार्रवाई करते हुए एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया। कई अन्य ग्राम पंचायत अधिकारियों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

क्या है मामला

वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी दिव्या मिश्रा ने विकास भवन सभागार में 11 मार्च 2026 को जनपद के समस्त विकास खण्डों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक ली। समीक्षा के दौरान गौशाला पूलिंग की धनराशि, वित्त आयोग योजनाओं के तहत व्यय, फार्मर रजिस्ट्री, अर्पूण आवास, जल संचयन-जल भागीदारी, जीरो पावर्टी, फैमिली आईडी, वृक्षारोपण की अग्रिम तैयारी, मनरेगा के तहत श्रमिकों का नियोजन, ई-केवाईसी तथा अन्नपूर्णा भवन व आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण की सचिववार समीक्षा की गई।

इनके खिलाफ हुआ ऐक्शन

बैठक में विकास खण्ड लक्ष्मणपुर में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी अरविन्द यादव की प्रगति कई बिन्दुओं पर अत्यंत खराब पाई गई। जल संचयन-जल भागीदारी, विद्यालयों में कायाकल्प, मनरेगा श्रमिकों की ई-केवाईसी, श्रमिक नियोजन तथा युक्तधारा के अंतर्गत वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना अपलोड न होने जैसे मामलों में संतोषजनक जवाब न देने पर उनके निलंबन के लिए जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देश दिए गए।

इनकी भी खुली पोल

विकास खण्ड सांगीपुर में कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारी अमित सिंह तथा मान्धाता में तैनात ग्राम विकास अधिकारी अभय सिंह पटेल के क्षेत्रों में श्रमिक नियोजन, गौशाला पूलिंग और मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने में खराब प्रगति मिलने पर इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समीक्षा में खराब प्रगति मिलने पर विकास खण्ड मान्धाता की रूचि वर्मा, गौरा के जावेद अहमद और सदर में तैनात राहुल कश्यप का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए, जबकि गौरा में कार्यरत सुनील कुमार को नोटिस जारी करने को कहा गया।

गौशाला में कार्यरत केयरटेकरों का मानदेय दिलाएं

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देशित किया कि पंचायत सहायकों और गौशाला में कार्यरत केयरटेकरों का मानदेय समय से दिलाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी सचिवों को निर्देश दिया गया कि 19 व 20 मार्च को होने वाली अगली समीक्षा बैठक से पहले सभी योजनाओं में लक्ष्यानुसार प्रगति सुनिश्चित कर ली जाए। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, उपायुक्त श्रम रोजगार/जिला विकास अधिकारी सन्तोष कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रियंका सोनी, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे व अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।