अयोध्या प्रीमियर लीग के फाइनल में प्रतापगढ़ के ऋतिक बने प्लेयर आफ द मैच

प्रतापगढ़, 27 मार्च 2026। अयोध्या प्रीमियर लीग के फाइनल में प्रतापगढ़ के ऋतिक श्रीवास्तव को प्लेयर आफ द मैच का खिताब प्रदान किया। ऋतिक श्रीवास्तव ने अपनी घातक गेंदबाजी से फाइनल मुकाबले में चार विकेट लेकर अपनी टीम को विजेता बनाया।

ऋतिक श्रीवास्तव प्रतापगढ़ जिले के बाबूपट्टी गांव के रहने वाले हैं। क्रिकेट के होनहार प्लेयर ऋतिक श्रीवास्तव ने अयोध्या के डॉक्टर भीम राव अंबेडकर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले अयोध्या प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में गोमती थंडर की तरफ से शानदार गेंदबाजी करते हुए प्रतापगढ़ का परचम लहराया और गोमती थंडर की टीम को फाइनल में जीत फतह कराई।

गोमती थंडर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए गंगा वॉरियर को 45 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे मैच में गोमती थंडर की टीम हर विभाग में मजबूत नजर आई, चाहे वह बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी।

इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे टीम के उपकप्तान ऋतिक श्रीवास्तव, जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। ऋतिक ने मात्र 3 ओवर में 24 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और गंगा वॉरियर की बल्लेबाजी को पूरी तरह से धराशायी कर दिया। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर आॅफ द मैच का पुरस्कार भी दिया गया।

ऋतिक श्रीवास्तव का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में भी बेहतरीन रहा। उन्होंने 8 मैचों में कुल 17 विकेट हासिल किए और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब अपने नाम किया। उनकी लगातार शानदार गेंदबाजी ने गोमती थंडर को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

फाइनल में मिली इस जीत के साथ ही गोमती थंडर ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा साबित किया और दर्शकों को एक यादगार मुकाबला देखने को मिला। ऋतिक श्रीवास्तव के क्रिकेट कोच आदित्य शुक्ला है और उनके पिता राजेंद्र श्रीवास्तव पेशे से अधिवक्ता है।