SDM पद पर चयनित प्रधानाध्यापक के बेटे की BSA ने थपथपाई पीठ

प्रतापगढ़, 31 मार्च 2026। होली और चैत्र नवरात्रि के उल्लास के बीच प्रतापगढ़ के युवाओं ने अपनी प्रतिभा से जिले को गौरवान्वित किया है। जेठवारा क्षेत्र के एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले और प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक के पुत्र हर्ष पुष्पाकर ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षा में सफलता का परचम लहराते हुए एसडीएम (SDM) के पद पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है।

जैसे ही हर्ष के चयन की सूचना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) भूपेन्द्र सिंह को मिली, उन्होंने इस सफलता को पूरे शिक्षा विभाग का गौरव बताते हुए नवनियुक्त एसडीएम और उनके पिता को विशेष रूप से सम्मानित किया।

बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने हर्ष के चयन की खबर मिलते ही उन्होंने तत्काल प्राथमिक पाठशाला बिकरा में तैनात प्रधानाध्यापक जगत नारायण पुष्पाकर से फोन पर संपर्क किया। बीएसए ने न केवल उन्हें बधाई दी, बल्कि ससम्मान हर्ष और उनके पिता को अपने कार्यालय आने का निमंत्रण दिया।

जब हर्ष पुष्पाकर अपने पिता के साथ बीएसए कार्यालय पहुंचे, तो वहां का माहौल उत्सव जैसा था। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने हर्ष को मिठाई खिलाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने हर्ष के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि एक शिक्षक के बेटे का प्रशासनिक अधिकारी बनना यह सिद्ध करता है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।

शिक्षक पिता के संस्कारों का दिखा असर

हर्ष के पिता, जगत नारायण पुष्पाकर वर्तमान में प्राथमिक पाठशाला बिकरा में प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षा जगत में वे अपने अत्यंत सरल, सौम्य और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने बेटे को उच्च शिक्षा और बेहतर संस्कार दिए, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।

हर्ष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और निरंतर कठिन परिश्रम को दिया है। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने हमेशा उन्हें ईमानदारी और सेवा भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी है, जिसे वे अपने प्रशासनिक करियर में भी लागू करेंगे।

क्षेत्र में खुशी की लहर

जेठवारा निवासी हर्ष पुष्पाकर की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों और साथी शिक्षकों का कहना है कि जगत नारायण जी ने जिस निष्ठा से परिषदीय विद्यालय के बच्चों को पढ़ाया, आज उसी का फल उन्हें ईश्वर ने उनके बेटे की सफलता के रूप में दिया है।

बीएसए भूपेन्द्र सिंह ने कहा, यह हमारे विभाग के लिए गौरव की बात है कि एक शिक्षक का बेटा प्रदेश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा में चुनकर समाज की सेवा करने जा रहा है। हर्ष अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

READ MORE: प्रतापगढ़ में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक का बेटा बना डिप्टी कलेक्टर