प्रतापगढ़, 29 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज हवा के झोंकों और आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित हो गई।
रानीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुल्तानपुर समेत कई जगहों पर पेड़ गिरने से वाहनों की आवाजाही रुक गई। अचानक आए इस तूफान के दौरान तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी हुई और हल्की से मध्यम बारिश भी हुई। तेज हवाओं के कारण कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई, हालांकि किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
मौसम में आए इस बदलाव से जहां एक ओर जनजीवन कुछ समय के लिए अस्त-व्यस्त हो गया, वहीं दूसरी ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा था, जिससे लोग परेशान थे। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक इसी तरह मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।