देश

10 साल, बेमिसाल: UPI बना दुनिया का सबसे बड़ा तत्काल डिजिटल भुगतान मंच

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On मई 2, 2026
1 min read • 1.2k views
UPI बना दुनिया का सबसे बड़ा तत्काल डिजिटल भुगतान मंच

नई दिल्ली, 2 मई 2026। UPI ने बाजार में अपने 10 साल पूरे कर लिये हैं। देखते ही देखते यह ऐप आधारित भुगतान के क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा प्लेटफार्म बन गयी है।

भारतीय रिज़र्व बैंक की देखरेख में नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ़ इंडिया ने 11 अप्रैल 2016 को इसका लोकार्पण किया था। एक दशक में यह भारत में डिजिटल पेमेंट्स के पारिस्थितकी तंत्र की रीढ़ बन गया है।

इस तरह की अवधारणा को भारत जैसे देश में आम लोगों द्वारा अपनाये जाने को लेकर पहले की तमाम दुविधाओं और आशंकाओं को गलत सिद्ध करते हुए यूपीआई वित्तीय समावेशन का एक अहम ज़रिया बनकर उभरा है।

वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार UPI के जरिये 2016-17 में जहां सिर्फ़ दो करोड़ ट्रांज़ैक्शन (लेन-देन) हुए थे। वर्ष 2025-26 में यह संख्या 24,162 करोड़ से ज़्यादा, यानी लगभग 12,000 गुना ज्यादा हो गयी। इसी दौरान ट्रांज़ैक्शन का मूल्य भी वित्त वर्ष 2016-17 में सात हजार करोड़ रुपये से तेज़ी से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 314 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान मूल्य के हिसाब से लेन-देन में इस तरह 4,000 गुना से ज़्यादा की बढ़ोतरी हुई।

संख्या और मूल्य, दोनों में एक साथ हुई यह बढ़ोतरी, ज़्यादा इस्तेमाल वाले रिटेल पेमेंट्स को बढ़ावा देने में UPI की बढ़ती भूमिका को दिखाती है।

वित्त मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि यूपीआई द्वारा हासिल किए गए बेमिसाल पैमाने, भरोसेमंदता और इंटरऑपरेबिलिटी को दुनिया भर में पहचान मिली है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने इसे ट्रांज़ैक्शन की संख्या के हिसाब से दुनिया का सबसे बड़ा रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम माना है, जो बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाले, सभी के लिए सुलभ और नये डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को बनाने में भारत की अगुवाई को दिखाता है।

UPI को आज एशिया और यूरोप के कई डिजिटल भुगतान प्रणालियों के साथ जोड़ा जा चुका है और अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों और कारोबारियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बना रहा है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।