प्रतापगढ़, 04 मई 2026 । यूपी के प्रतापगढ़ जिले में तैनात किये गये नवागत डीएम अभिषेक पाण्डेय ने सोमवार को कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कोषागार कार्यालय पहुॅचकर निवर्तमान जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी से डबल लॉक का चार्ज लिया। नवागत डीएम श्री पांडेय ने कोषागार कार्यालय पहुॅचकर मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय तिवारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अनामिका सिंह उपस्थित थे।
कौन हैं अभिषेक पांडेय
- कलेक्ट्रेट सभागार में पहुंचकर डीएम अभिषेक पांडेय मीडिया से मुखातिब हुए।
- वह मूल रूप से गोरखपुर के निवासी हैं और प्रारंभिक शिक्षा वहीं से प्राप्त की।
- आईआईटी रुड़की से बी.टेक की डिग्री हासिल की।
- वर्ष 2016 में आईएएस सेवा में चयनित हुए।
कहां-कहां तैनात रहे
उन्होंने 2017 में गाजीपुर में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यभार संभाला। इसके बाद कुशीनगर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, बुलंदशहर में मुख्य विकास अधिकारी, तथा मेरठ विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दीं। इसके अतिरिक्त हापुड़ में जिलाधिकारी पद पर कार्य करते हुए उन्होंने प्रशासनिक अनुभव प्राप्त किया। प्रतापगढ़ आने से पूर्व वे उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात थे।
टीम भावना के साथ कार्य करेंगे
डीएम श्री पांडेय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप टीम भावना के साथ कार्य किया जाएगा और अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होगी। जीरो टालरेन्स की नीति के तहत कार्य किया जायेगा। इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय तिवारी, उपजिलाधिकारी नैन्सी सिंह उपस्थित रहे।