प्रतापगढ़ में सराहनीय रहा डीएम शिव सहाय का कार्यकाल

  • डीएम के रुप में शिव सहाय अवस्थी का प्रतापगढ़ में 1 वर्ष 3 माह का कार्यकाल सराहनीय रहा। इस अल्प अवधि में उन्होंने आम जनता को न्याय दिलाने, व्यवस्था में सुधार लाने के जो प्रयास किये वह ऐतिहासिक रहे।

प्रतापगढ़, 5 मई 2026। आईएएस शिव सहाय अवस्थी ने प्रतापगढ़ में डीएम के पद पर 18 जनवरी 2025 को कार्यभार संभाला था। 4 मई 2026 को उनका स्थानांतरण हो गया और उन्होंने अपना कार्यभार नवागत डीएम अभिषेक पांडेय को सौंप दिया। प्रतापगढ़ में डीएम के रुप में शिव सहाय अवस्थी ने 1 वर्ष 3 माह 16 दिन कार्यरत रहे।

इस अल्प अवधि में उन्होंने जन सामान्य को न्याय दिलाने और व्यवस्था में सुधार लाने की दिशा में सराहनीय प्रयास किये। उन्होंने तहसील कुंडा, लालगंज, सदर और रानीगंज के औचक निरीक्षण के दौरान वर्षों से लंबित पत्रावलियों को पकड़ा और उनका निस्तारण कराया।

स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार लाने के लिए भी उन्होंने समय-समय पर सीएचसी रानीगंज, लालगंज, सांगीपुर समेत कई अन्य अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर खामियों को दूर कराया। सड़क सुरक्षा, यातायात व्यव्स्था, व्यापारियों के लिए सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर वह सतत प्रयायरत रहे।

4 मई को स्थानांतरण हो जाने के बाद विकास भवन सभागार में उन्हें एक समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। वर्तमान में मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के पद पर स्थानांतरित हुये है।

विदाई समारोह में जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों, उद्यमियों, व्यापारियों, राइजिंग प्रतापगढ़ सोसाइटी, पत्रकारों ने डीएम को पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट किए। अपनी कार्यशैली से लोगों के बीच लोकप्रिय रहे शिव सहाय अवस्थी ने कहा कि प्रतापगढ़ की यादें उनके साथ हमेशा रहेंगी।

उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा जो सहयोग प्राप्त हुआ, वह अत्यंत सराहनीय और उल्लेखनीय रहा है। उन्होने कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से कीर्तिमान स्थापित किये जाते है, प्रशासन में आपका काम ही आपकी पहचान को दर्शाता है।

प्रतापगढ़ में काम करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात

हमेशा अपने उच्च अधिकारियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें और एक टीम के रूप में कार्य करते रहे। उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द के लिए अपनी अलग पहचान रखने वाले इस जिले में काम करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

उन्होंने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए समस्त अधिकारियों की प्रशंसा की और कहा कि ट्रांसफर सरकारी सेवा का एक हिस्सा है। अपने विदाई संबोधन में निवर्तमान जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी काफी भावुक नजर आए। उन्होंने सभी को शासन की मंशानुसार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी निर्देशों का पूर्ण निष्ठा से पालन किया गया, जिससे प्रशासनिक कार्यों में गति और पारदर्शिता बनी रही। उन्होंने इसे एक सक्षम अधिकारी के रूप में उनके भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत बताया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डा दिव्या मिश्रा ने डीएम के कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे जिले के विकास के लिए उनके विजन को आगे बढ़ाएंगे। अपर पुलिस अधीक्षक, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, सीओ, खण्ड विकास अधिकारी मंगरौरा सहित जनपद स्तरीय अधिकारियो व समाजसेवियों सहित ज्ञान प्रकाश शुक्ला, अतुल यादव, सन्तोष द्विवेदी आदि ने अपने अपने विचार व्यक्त किये।