जल्द प्रतापगढ़ दौरे पर आएंगे सीएम योगी, अफसरों ने शुरू की तैयारी

प्रतापगढ़, 7 मई 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही प्रतापगढ़ दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री श्री योगी के प्रस्तावित भ्रमण, स्थलीय निरीक्षण एवं विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में सीडीओ डॉ. दिव्या मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। कार्यालयों में साफ-सफाई, पत्रावलियों का सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा उपस्थिति पंजिका का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। जो भी कर्मचारी छुट्टी पर या बाहर है उसे नियमानुसार उपस्थिति पंजिका में अंकित किया जाये। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में पेयजल, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं बेहतर स्थिति में रहनी चाहिए।

उन्होने विभागीय परियोजनाओं/विकास कार्यो में हर घर नल पेयजल परियोजना, कृषि विभाग की परियोजनाये, ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण, स्टेडियम/मिनी स्टेडियम/खेल के मैदान, ऊर्जा विभाग सब स्टेशन, पशु चिकित्सा केन्द्र, गौशालायें आदि के बारे आवश्यक दिशा निर्देश देते हुये कहा कि मानव संसाधन की व्यवस्था, परियोजनाओं के जनउपयोगी होने एवं संचालन की स्थिति तथा लाभार्थियों के फीडबैक आदि की समीक्षा की जायेगी एवं व्यवस्थाओं का मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया जायेगा।

अधिकारियों को उन्होने निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग की योजनाओं, निर्माण कार्यो आदि को बेहतर करने के निर्देश दिये। इसके उपरान्त सीडीओ ने खण्ड विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत के साथ बैठक कर गौशालाओं के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

उन्होने निर्देशित किया कि गौवंशों के शवों को खुले में कदापि न छोड़ा जाये, उसका नियमानुसार निस्तारण कर वैरीकेडिंग कर दिया जाये, जिन गौशालाओं पर जल भराव की स्थिति हो उनमें पानी निकासी हेतु नाली का निर्माण करा दिया जाये जिससे गौशाला में जलभराव न होने पाये। गौशालाओं में ऐसे केयरटेकर की ड्यूटी लगायी जाये जो दूर का हो जिससे वह निरन्तर ड्यूटी कर सके।

गौशलााओं में हरे चारे, भूसा, पानी, छाया आदि की व्यवस्था बेहतर रहे जिससे गोवंशों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर गौशालाओं का भ्रमण किया जाये जिससे गौशाला की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, जिला विकास अधिकारी सन्तोष कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत आदि उपस्थित रहे।