प्रतापगढ़ में चक्रवात से 4 की मौत, सवा घंटे खड़ी रही वंदे भारत

प्रतापगढ़, 14 मई 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में 13 मई 2026 को दोपहर बाद चक्रवात का कहर देखने को मिला। इसकी चपेट में आने से जिले के अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों की मौत हो गयी। प्रदेश भर में हुई मौतों का आंकड़ा 96 पहुंच गया है। प्रतापगढ़ में चक्रवात के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस को भी सवा घंटे तक रोकना पड़ा।

बता दें चक्रवात में तेज आंधी के साथ ओले की भी बरसात हुई। हवा से जगह-जगह बिजली के पोल उखड़ गए, टिन शेड व छप्पर उड़ गए। अलग-अलग स्थानों पर दीवार व शेड के मलबे में दबने व वज्रपात से एक महिला समेत चार लोगों की जान चली गई। कुंडा में रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस को भी सवा घंटे तक रोकना पड़ा।

चक्रवात से इनकी हुई मौत

  • लालगंज के ओझा का पुरवा निवासी आशाराम यादव के 25 वर्षीय पुत्र भीम यादव सीमेंटेड शेड पर ईंट रखकर उसे दबाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान शेड हवा के झोंके से ध्वस्त हो गया। इसमें दबने से भीम की मौत हो गई।
  • बाघराय के नारंगपुर निवासी 46 वर्षीय शांति देवी पत्नी राजेंद्र कुमार शर्मा की मौत दीवार गिरने से उसके मलबे में दबने से हो गई।
  • महेशगंज के सराय स्वामी गांव निवासी 56 साल के शिव भूषण पांडेय उर्फ मुन्नू छत पर सूख रहे कपड़े हटाने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक आठ फीट ऊंची दीवार उनके ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से उनकी सांस थम गई।
  • अंतू के छतरपुर शिवाला रघना गांव के 44 साल के किसान लाल बहादुर की मौत खेत में जानवर चराने के दौरान वज्रपात से हो गई।

यूनिपोल का फ्रेम गिर गया

शहर में यूनिपोल का फ्रेम गिर गया। जिले में कुल छह मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। मौसम के बदले रुख से दिन का पारा शाम को 40 से 34 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इससे गर्मी से कुछ राहत जरूर महसूस हुई।

जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि आंधी-पानी से जिन लोगों की मौत हुई है, उनकी रिपोर्ट राजस्व टीमों को भेजकर तैयार कराई जाएगी। नियमानुसार परिवार को मदद दिलाई जाएगी।

प्रदेश में 96 लोग मरे

प्रदेश में मरने वालों में भदोही में 18, मिर्जापुर में 15, प्रयागराज में 17, प्रतापगढ़ और बरेली में 4-4, फतेहपुर में 10, उन्नाव और बदायूं में 6-6, सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई और संभल में दो-दो, कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुर खीरी में 1-1 लोग शामिल हैं।