प्रतापगढ़ में प्राइमरी स्कूल के टीचर कर रहे मनमानी, जांच में खुली पोल

प्रतापगढ़, 15 मई 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में प्राइमरी स्कूल के टीचर मनमानी कर रहे हैं। मनमानी कर रहे टीचरों की पोल तब खुली जब बीएसए भूपेंद्र सिंह ने 14 मई 2026 को जिले के दो विकास खण्डों गौरा और सण्डवा चन्द्रिका के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कराया। निरीक्षण कार्य खण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं जिला समन्वयकों द्वारा किया गया।

इस निरीक्षण अभियान के अंतर्गत दोनों विकास खण्डों के कुल 239 विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, कक्षाओं के नियमित संचालन, छात्र उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन योजना की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं, डीबीटी की प्रगति, शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के अनुपालन सहित विभिन्न बिंदुओं का गहन परीक्षण किया गया।

निरीक्षण में 15 शिक्षक/शिक्षिकाएं स्कूल में अपनी ड्यटी पर नहीं मिली। इनमें विकास खण्ड गौरा के जफरूल हसन, प्रावि सुल्तानपुर, श्यामकली, प्रावि सण्डिला, रविन्द्र कुमार सरोज समीर रंजन मिश्रा, प्रा.वि. चमरौटी, सत्यदेव पाण्डेय, बबिता सिंह, राजेश पाण्डेय, प्रा.वि. कनेवरा, वन्दना त्रिपाठी, प्रा.वि. तिवरान, चन्द्रप्रकाश यादव, प्रा.वि. बरिस्ता, उमेश चन्द्र पाल, नौडेरा-प्रथम, रंजीत कुमार प्रजापति, पियूष कुमार मिश्रा प्रा.वि. नई कोट, लक्ष्मीशंकर यादव प्रा.वि. बोथीपुर,नीरज कुमार मिश्रा, प्रा.वि. बाबू पट्टी, अजि सिंह प्रा.वि. केवलापुर, मंजू कुमारी यादव, प्रा.वि. तिवरान, विकास खण्ड सण्डवा चन्द्रिका के शिव कुमार प्रा.वि. कोलघड़ा, अंजू तिवारी, प्रा.वि. खैरा गौराबारी, सरिता देवी, प्रा.वि. पूरे परमेश्वर अनुपस्थित पाए गए।

अनुपस्थित पाए गए समस्त अध्यापकों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस निर्गत करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में नियमानुसार अग्रेतर कार्यवाही की जाएगी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा। शासन की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।