प्रतापगढ़ पहुंचे प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, अफसरों संग की बैठक

प्रतापगढ़, 4 जून 2026। प्रतापगढ़ के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह गुरुवार 4 जून 2026 को जिला मुख्यालय पर पहुंचे। यहां निरीक्षण भवन में जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने उनका स्वागत किया।

मयंकेश्वर शरण सिंह योगी कैबिनेट में राज्य मंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग का दायित्व संभाल रहे हैं। एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें प्रतापगढ़ का प्रभारी मंत्री बनाया था।

भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक, स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक जानकारियां प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सदर क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेन्द्र मौर्य, जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने भी प्रभारी मंत्री का स्वागत किया।