Join US

जेठवारा में कोटे की दुकान पर राशन की घटतौली, भड़के उपभोक्ता

जेठवारा (प्रतापगढ़), 16 अगस्त 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में सरकारी राशन की दुकान पर घटतौली का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत जेठवारा में राशन वितरण को लेकर गरीब कार्डधारकों की शिकायतों का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोटेदार द्वारा कई कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जा रहा था। वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों के दावों के अनुसार, प्रति कार्ड लगभग पांच किलो राशन की कटौती किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

वहीं, चीनी वितरण में भी एक से डेढ़ किलो तक कम दिए जाने के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि राशन की तौल के लिए सरकारी कांटे के बजाय निजी कांटे का इस्तेमाल किया जाता था, जिससे निर्धारित मात्रा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद गब्बर सिंह, राजन सिंह और शिवा सिंह, कैलाश बहादुर सिंह और अन्य ने आज इस विषय को गंभीरता से संज्ञान में लिया और मौके पर पहुंचकर गरीब कार्डधारकों की समस्या को उठाया। इसके बाद कई जरूरतमंदों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराया गया, जिससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गरीबों के हक के राशन में किसी भी प्रकार की कटौती या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। सरकारी राशन व्यवस्था का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक उनका पूरा अधिकार पहुंचाना है, न कि उनके हक में कटौती करना।

अब ग्रामीणों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, राशन की तौल सरकारी कांटे से पारदर्शी तरीके से कराई जाए और यदि अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

गरीबों के हक की आवाज उठी तो असर भी दिखा। कई जरूरतमंद परिवारों को उनका राशन सही मात्रा में मिला।