Join US

फिर साथ आए अमलेश नागेश-मन कुरैशी, फिल्म का ट्रेलर लॉन्च

रायपुर, 22 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के दर्शकों की पसंदीदा जोड़ी अमलेश नागेश और मन कुरैशी फिर एक साथ आए हैं। अभिनय की दुनिया की यह दमदार जोड़ी फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने जा रही है। नीलजय फिल्म्स के बैनर तले बनी फिल्म तोर मयारू मोर मयारू का ट्रेलर 22 अगस्त को लॉन्च किया गया। समारोह में सतीश जैन, अनुज शर्मा, मनोज वर्मा, योगेश अग्रवाल, राज वर्मा, मोहित साहू और पवन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

रोमांस और कॉमेडी से भरपूर यह फिल्म छत्तीसगढ़ की सोंधी मिट्टी, यहां के लोगों के निश्छल प्रेम और सहज हाजिरजवाबी को केंद्र में रखती है। फिल्म में गांव की पुरानी परंपराओं और लोकगीतों की मिठास के साथ सोशल मीडिया के दौर और नई पीढ़ी की स्टाइल को जोड़ने की कोशिश की गई है। देसी जुगाड़, प्रेम और किरदारों के बीच होने वाली मीठी नोकझोंक कहानी को मनोरंजक बनाती है।

फिल्म में अमलेश नागेश आधुनिक यूट्यूबर माही की भूमिका में नजर आएंगे। उनका किरदार डिजिटल दौर के उस युवा के इर्द-गिर्द घूमता है, जिसकी दुनिया सोशल मीडिया और नए जमाने की सोच की है। मन कुरैशी भावुक और दर्शकों का दिल जीतने वाले बैंडमास्टर महिंदर की भूमिका निभा रहे हैं।

फिल्म की कहानी के प्रमुख किरदारों में इशिका यादव चुलबुली गांव की लड़की और काजल सोनबर शहर की स्मार्ट युवती गायत्री के किरदार में दिखाई देंगी। इन चार किरदारों के इर्द-गिर्द बुनी गई कहानी में कॉमेडी, रोमांस और भावनाओं का संतुलित मेल देखने को मिलेगा।

सात गीतों से सजेगी फिल्म

फिल्म में कुल सात गीत हैं, जिन्हें अनुराग शर्मा, अल्का चंद्राकर और अनुपमा मिश्रा जैसे गायकों ने आवाज दी है। संगीत नवलदास मानिकपुरी, अनुराग शर्मा और परवेज खान ने तैयार किया है। फिल्म में संजय महानंद, सतीश जैन, उपासना वैष्णव, उवर्शी साहू, रजनीश झांझी, प्रदीप शर्मा, हेमलाल कौशल, अंजलि चौहान और क्रांति दीक्षित जैसे अनुभवी कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म को प्रसिद्ध फिल्ममेकर मनीष मानिकपुरी प्रस्तुत कर रहे हैं। निर्माता प्रणय गर्ग और को-प्रोड्यूसर निशेष त्रिपाठी हैं। निर्देशन राहुल प्रताप सिंह ने किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी विद्या नाथ भारती ने संभाली है।