Join US

रक्षाबंधन से पहले प्रतापगढ़ में सक्रिय हुआ खाद्य विभाग, की छापेमारी-एकत्र किए 9 नमूने

प्रतापगढ़, 27 अगस्त 2026। रक्षाबंधन त्यौहार से ठीक एक दिन पहले प्रतापगढ़ जिले में खाद्य विभाग की नींद टूटी और विभाग की टीम सक्रिय हो गयी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने 26 और 27 अगस्त को जिले की विभिन्न तहसीलों में रेस्टोरेंट एवं मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की, नमून एकत्र किये और जांच के लिए भेज दिये। रिपोर्ट आने तक रक्षाबंधन का त्यौहार बीत चुका होगा। रक्षाबंधन पर आपने अच्छी मिठाई खाई या फिर मिलावटी, यह सब खाने के कुछ दिनों के बाद पता चलेगा।

जानकारी के मुताबिक सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 अभय कुमार सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित खाद्य सचल दल ने प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए कुल 09 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

खाद्य सचल दल की टीम ने मनिकपुर कुंडा स्थित जीवन स्वीट्स से पेड़ा, रेड़ीगारापुर पट्टी स्थित संदीप कुमार वर्मा के प्रतिष्ठान से खोया व चीनी से निर्मित मिठाई रोल तथा बाबूगंज स्थित शुभम धुरिया मिष्ठान भंडार से कलाकंद का नमूना लिया।

कुशवापुर संग्रामगढ़ स्थित दिलीप गुप्ता के प्रतिष्ठान से बर्फी और बाबागंज कुंडा स्थित बंगाली सौरभ मिष्ठान से छेना रसगुल्ला का नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा पट्टी स्थित श्री खाटू श्याम डेयरी से पनीर, बाघराय कुंडा स्थित बॉम्बे वड़ा पाव से गुलाब जामुन, बाघराय स्थित सपना मिष्ठान भंडार से छेना की मिठाई तथा लालगंज अजहरा स्थित चंदन कौशल के प्रतिष्ठान से पेड़ा का नमूना लिया गया।

सभी 9 नमूनों को विश्लेषण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त होने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन सिंह, संतोष कुमार दूबे, डॉ. यादव संजय कुमार नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी एवं डॉ. शमशुन नेहा उपस्थित रहे।