रायपुर, 12 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के युवाओं को देश की नीति-निर्माण प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल करने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘माई भारत’ (MY Bharat) पोर्टल पर ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027’ की राष्ट्रव्यापी शुरुआत की गई है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विज़न को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम है, जिसके तहत गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से आने वाले एक लाख प्रतिभाशाली युवाओं को सार्वजनिक जीवन से जुड़ने और ‘विकसित भारत @2047’ के निर्माण में सीधे योगदान देने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
अभियान के प्रथम चरण के रूप में ‘विकसित भारत क्विज़’ पोर्टल पर लाइव हो चुका है, जिसमें भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है। बस्तर, सरगुजा, बिलासपुर और रायपुर संभाग सहित छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इस बहुभाषी डिजिटल क्विज़ में शामिल होकर राष्ट्रीय स्तर की इस यात्रा का हिस्सा बन सकते हैं।
5 चरणों में होगा चयन
- विकसित भारत चैलेंज पूरी तरह से मेरिट पर आधारित 5 चरणों में आयोजित किया जाएगा।
- डिजिटल क्विज़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले देश भर के शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागियों को अगले चरण यानी निबंध प्रतियोगिता (5 से 19 अक्टूबर) के लिए चुना जाएगा, जहां उन्हें विकास के रोडमैप पर 500 शब्दों का निबंध प्रस्तुत करना होगा।
- इसके बाद प्रत्येक जिले के शीर्ष 50 निबंधकारों के लिए जिला स्तरीय चैंपियनशिप (10 से 16 नवंबर) का आयोजन होगा।
- इसमें चयनित होकर प्रतिभागी राज्य स्तरीय राउंड (17 नवंबर से 7 दिसंबर) में पहुंचेंगे।
- अंततः राज्य स्तर से चुनी गई टीम 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेगी।
- यहां क्षेत्रीय फाइनलिस्ट्स को सीधे प्रधानमंत्री के समक्ष अपने अभिनव विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा।
व्यावहारिक समाधान भी रख सकेंगे
यह संवाद 10-क्षेत्रीय विकास रूपरेखा पर केंद्रित है, जिसमें जनजातीय नेतृत्व, सतत औद्योगिकीकरण, नवाचार, जलवायु सुरक्षा और विनिर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इस मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ के युवा राज्य के वन-संसाधनों, वनांचल विकास और स्थानीय संभावनाओं से जुड़े व्यावहारिक समाधान राष्ट्रीय पटल पर रख सकेंगे। इस अभियान में मुख्य चैलेंज के अतिरिक्त सांस्कृतिक ट्रैक, युवा उद्यमी चुनौती, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज और युवा संसद जैसे छह प्रमुख ट्रैक्स को भी समाहित किया गया है।
पात्र युवा इस राष्ट्रीय पहल का हिस्सा बनने के लिए आधिकारिक पोर्टल mybharat.gov.in पर जाकर 30 सितंबर 2026 तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं तथा क्विज़ में भाग ले सकते हैं।
