वाराणसी, 2 अक्टूबर 2026। महात्मा गांधी और भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला ग्राम्य विकास संस्थान, परमानंदपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला प्रशिक्षण अधिकारी विमल कुमार सिंह ने स्वच्छता का संदेश देते हुए लोगों से इसे अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ज्येष्ठ अनुदेशक संजय कुमार, प्रदर्शक सुरेश तिवारी, मुलायम सिंह यादव, कार्यालय सहायक अजीत कुमार, कंप्यूटर आॅपरेटर नीरज कुमार, डीआरपी सुरेश पाण्डेय समेत संस्थान के सभी कमर्चारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर संस्थान परिसर में साफ-सफाई की गई और महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी विमल कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। जो व्यक्ति अपनी दिनचर्या और जीवनशैली में स्वच्छता को अपनाता है, वह अनेक बीमारियों से बच सकता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देशवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया था और इसे अपने जीवन में अपनाना हम सभी की जिम्मेदारी और कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि जब हम महात्मा गांधी को याद करते हैं तो स्वच्छता का भाव स्वत: ही हमारे मन-मस्तिष्क में आता है। आधुनिक विज्ञान भी इस बात पर जोर देता है कि बीमारियों से बचाव के लिए व्यक्तिगत और आसपास की स्वच्छता बेहद जरूरी है। इसलिए स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिवस तक सीमित न रखकर इसे हम सभी को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
