• Home
  • खेल
  • पंचायत प्रतिनिधि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में करेंगे पूर्ण सहयोग
पंचायत प्रतिनिधि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में करेंगे पूर्ण सहयोग

पंचायत प्रतिनिधि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में करेंगे पूर्ण सहयोग

गौरा (प्रतापगढ़), 27 जून 2025। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों ने पूर्ण सहयोग देने का वादा किया है। शुक्रवार को विकास खंड गौरा के सभागार में आयोजित एक ओरिएंटेशन बैठक में ग्राम प्रधानों, सहायकों और ग्राम विकास अधिकारियों ने हिस्सा लिया। यह बैठक 1 से 31 जुलाई तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों के लिए बुलाई गई थी।

बैठक की अध्यक्षता एडीओ आईएसबी राशिद अहमद ने की। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का सहयोग करें। उन्होंने स्वच्छता, जलभराव रोकथाम, और मच्छररोधी दवाओं के छिड़काव जैसे कार्यों पर जोर दिया। बीएमसी नरेंद्र कुमार मिश्र ने अभियान के उद्देश्यों और कार्ययोजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता घर-घर जाकर जागरूकता फैलाएंगे।

मेडिकल ऑफिसर डॉ. नीलेश ने संचारी रोगों के लक्षण और बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समय पर निदान और उपचार से इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। एडीओ पंचायत प्यारेलाल ने ग्राम पंचायतों से झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई और फॉगिंग जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।