• Home
  • बिजनेस
  • लखनऊ में 26 सितंबर से होगा ऐतिहासिक कला महाकुंभ, नारी शक्ति और ओडीओपी को रहेगा समर्पित
लखनऊ में 26 सितंबर से होगा ऐतिहासिक कला महाकुंभ, नारी शक्ति और ओडीओपी को रहेगा समर्पित

लखनऊ में 26 सितंबर से होगा ऐतिहासिक कला महाकुंभ, नारी शक्ति और ओडीओपी को रहेगा समर्पित

लखनऊ, 3 जुलाई 2025। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 26 सितंबर से 18 अक्टूबर 2025 तक विशाल स्मृति उपवन में बृहस्पति वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित कला महाकुंभ में नारी सुरक्षा, स्वालंबन और महिलाओं की उपलब्धियों को मंच प्रदान किया जाएगा।

यह 23 दिवसीय आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) और मिशन शक्ति को बढ़ावा देगा। कला महाकुंभ में महिलाओं को विश्व विभूति, कला विभूति, आदर्श और कला सम्मान से नवाजा जाएगा। महिला उद्यमियों और ओडीओपी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिल्पियों को विशेष सम्मान मिलेगा।

गुरुवार 3 जुलाई 2025 को आयोजित प्रेस वार्ता में फाउंडेशन के संयोजक पद्मश्री अद्वैत गड़नायक ने बताया कि यह आयोजन भारत की समृद्ध संस्कृति, संगीत, साहित्य, मूर्तिकला, चित्रकला, हस्तकला और पाक कला को प्रदर्शित करेगा। नवरात्रि के दौरान डांडिया और रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। ओडीओपी प्रदशर्नी में प्रत्येक जिले के विशिष्ट हस्तशिल्प और उत्पादों की प्रस्तुति होगी, जो स्थानीय कारीगरों को बाजार और पहचान दिलाएगी। इसमें उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की जाएगी।

पाक कला प्रदर्शनी में विभिन्न जिलों के स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन होगा। पूर्व आईपीएस दिनेश चंद्र दुबे ने बताया कि काव्य गोष्ठी, महिला साहित्यकारों का सम्मान और जानी-मानी महिला कलाकारों के प्रदर्शन आयोजन का हिस्सा होंगे। प्रेस वार्ता में आईसीसीआर उपाध्यक्ष अद्वैत गड़नायक, गौरी घोष, विमल पंत, ज्योति मोदक, कीर्ति शंकर अवस्थी, आर.पी. श्रीवास्तव और एस.के. द्विवेदी उपस्थित रहे। यह आयोजन उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति को नई दिशा देगा।