मुंबई, 19 अगस्त 2025। मनिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज जीत लिया है। भारतीय सुंदरी के रुप में अब मनिका 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता साल 2025 के अंत में थाईलैंड में होगी।
मनिका विश्वकर्मा राजस्थान के श्रीगंगानगर की रहने वाली हैं। वर्तमान में वह दिल्ली में रहती हैं। वह राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र की छात्रा हैं। मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 बनने से पहले मनिका ने पिछले साल मिस यूनिवर्स राजस्थान का खिताब जीता था। वह न्यूरोनोवा मंच की संस्थापक भी हैं, जो न्यूरोडाइवर्जेंस को नई परिभाषा देने की पहल करता है।
चित्रकार भी हैं मनिका विश्वकर्मा
कुशल वक्ता, कलाकार के अलावा मनिका विश्वकर्मा शास्त्रीय नृत्य में निपुण हैं। वह एक उम्दा चित्रकार भी हैं। मनिका सोशल मीडिया पर भी खूब सक्रिय हैं। मनिका ने कहा, मेरा सफर शहर गंगानगर से शुरू हुआ। मैं दिल्ली आई, इस ब्यूटी प्रतियोगिता की तैयारी की। मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करती हूं, जिन्होंने मेरी मदद की और मुझे इस मुकाम तक पहुंचाया। यह सौंदर्य प्रतियोगिता एक विशेष दुनिया है। यह जिम्मेदारी एक साल भर की नहीं, जिंदगी भर के लिए मेरे साथ रहेगी।
















