प्रतापगढ़, 22 सितंबर 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में सिंचाई विभाग के अफसर लापरवाह बने हैं। मांधाता ब्लॉक में प्रतापगढ़ रजबहा से निकली विश्वनाथगंज रजबहा में पानी कई माह से नहीं आने से किसानों में नाराजगी है। आक्रोशित किसानों ने 21 सितंबर को भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह रिंटू के अगुवाई में जमकर प्रदर्शन किया।
किसानों ने कहा कि नहर में पानी न आने से नहर में झाड़ियां उग आई हैं। क्षेत्र के बुआपुर, पनियारी, अंतपुर, धनीपुर, अकोढ़िया, मदरा, गाल्हनपुर, पूरे अजमेरशाह, पूरे खरगराय, भावलपुर, भवानीपुर, शेखनपुर समेत दर्जनों गांवों के किसानों की धान की खेती संकट में आ गई है।
अजय सिंह रिंटू ने कहा कि करीब 10 वर्षों से पानी हेड से टेल तक नहीं पहुंचा है। बारिश से धान की फसल की सिंचाई हो गई। अब सबसे उपयुक्त समय है, लेकिन नहर में पानी न होने से खेत सूखे पड़े हैं। खेतों में दरारें पड़ने लगी हैं और किसानों को भारी नुकसान की आशंका सताने लगी है।
ग्राम प्रधान बुआपुर भागीरथी सिंह, पूर्व प्रधान राधेश्याम सिंह, राजेश यादव, फौजदार सिंह, राम नारायण, आनन्द शुक्ल, महेंद्र कुमार, हिमांशु गुप्ता, विजय कुमार आदि ग्रामीणों ने नहर विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
















