गौरा (प्रतापगढ़), 9 अक्टूबर 2025। आयुष्मान आरोग्य मंदिर सुल्तानपुर में गुरुवार को सीएचओ अश्वी अस्थाना ने एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को बीपी, शुगर और अन्य बीमारियों की जांच के प्रति जागरूक करना था। साथ ही, टीकाकरण को बढ़ावा देने और संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। सीएचओ अश्वी अस्थाना ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच और समय पर टीकाकरण से मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच पर जोर दिया गया। दस्तक अभियान के तहत घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की योजना भी बनाई गई।
बैठक में एएनएम रीता देवी, आशा कार्यकर्ता सुमन श्रीवास्तव, संगीता देवी, रेनू यादव, संगीता जायसवाल, सुदामा देवी, मधुलिका मिश्रा, सरोज कुमारी और इन्द्रावती सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर अभियानों को सफल बनाने का संकल्प लिया।














