रायपुर, 17 अक्टूबर 2025। रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी आफ डायबिटीज द्वारा रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कांफ्रेंस में डॉ अजय सहाय द्वारा लिखित व निर्देशित नृत्य नाटिका मधुमेह की रामलीला ने दर्शकों का मन मोह लिया। रामायण की शैली में दोहे और चौपाइयों से सजी इस नाटिका के कॉन्सेप्ट क्रिएटर डॉ राका शिवहरे हैं।
नाटिका में मधुमेह को रावण के रूप में दर्शाया गया, जिसने सीता रूपी इंसुलिन का अपहरण कर रखा है। भगवान राम (डॉ राका शिवहरे), सीता (डॉ शिखा शिवहरे), हनुमान (पुष्पेन्द्र सिंह) और विभीषण (डॉ प्रणय जैन) मधुमेह से बचने के तरीके सुझाते हैं। डॉ संध्या दुबे, डॉ मनोज सोनी और डॉ अनुराग अग्रवाल ने पीड़ित जनता की भूमिका निभाई, जबकि सूत्रधार नारद मुनि के रूप में डॉ अजय सहाय ने संदेश दिया कि मधुमेह रूपी रावण का वध जागरूकता से ही संभव है, न कि अस्त्र-शस्त्र से।
इस भव्य प्रस्तुति में मधुमेह के कारणों और बचाव के उपायों को खूबसूरती से पेश किया गया। सभी कलाकारों ने शानदार अभिनय किया। खास तौर पर डॉ स्मित श्रीवास्तव (रावण), डॉ राका और डॉ शिखा शिवहरे (राम-सीता), व बॉलीवुड अभिनेता पुष्पेन्द्र सिंह (हनुमान) ने तालियां बटोरीं। दिन-रात मरीजों की सेवा में व्यस्त डॉक्टरों का मंच पर इतना प्रभावी प्रदर्शन डॉ अजय सहाय की कुशलता को दर्शाता है, जिन्हें प्रशंसा मिली।
डॉ सहाय ने बताया कि भारत, डायबिटीज की वर्ल्ड कैपिटल के रूप में जाना जाता है, जहां यह रोग तेजी से फैल रहा है। जागरूकता जरूरी होने के कारण इस नाटिका की रचना की गई, जिसका मंचन पूरे देश में होगा।














