लखनऊ, 19 अक्टूबर 2025। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में धनतेरस के पर्व पर इस बार बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सर्राफा, ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट, बर्तन और मिठाई के बाजारों में दिनभर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। अनुमान के मुताबिक इस धनतेरस पर करीब 3300 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ, जो पिछले साल की तुलना में अधिक रहा।
अमीनाबाद, चौक, आलमबाग, भूतनाथ और महानगर जैसे प्रमुख बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ देखने को मिली। लोगों ने सोना-चांदी, आभूषण, बर्तन, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े और गिफ्ट आइटम्स की जमकर खरीदारी की। सोने के दाम में करीब 4000 रुपये और चांदी के भाव में 19,500 रुपये प्रति किलो की गिरावट आने से ग्राहकों की बल्ले-बल्ले रही। दामों में गिरावट के चलते सर्राफा बाजारों में खरीदारों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी इस बार ग्राहकों का उत्साह चरम पर रहा। कई शोरूमों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बुकिंग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची। वहीं रियल एस्टेट सेक्टर में भी धनतेरस शुभ मुहूर्त के कारण कई लोगों ने घर और प्लॉट की खरीदारी की।
मिठाई और बर्तन बाजारों में भी दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। दुकानदारों के अनुसार इस बार त्योहारी मौसम में लोगों ने खुले दिल से खरीदारी की, जिससे कारोबारियों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।

















