• Home
  • यूपी
  • मनगढ़ धाम पर सिपाही ने महिला को जड़ा थप्पड़, फोन पटका; वीडियो वायरल
मनगढ़ धाम पर सिपाही ने महिला को जड़ा थप्पड़, फोन पटका; वीडियो वायरल

मनगढ़ धाम पर सिपाही ने महिला को जड़ा थप्पड़, फोन पटका; वीडियो वायरल

प्रतापगढ़, 25 अक्टूबर 2025। उत्तर प्रदेश में पुलिस मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मिशन शक्ति अभियान चलाकर महिलाओं को सशक्त बना रही है, वहीं प्रतापगढ़ में सिपाही ने महिला श्रद्धालु को थप्पड़ मारने का शर्मनाक काम किया है।

घटना कुंडा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध मनगढ़ धाम की है। यहां शनिवार को दर्शन के लिए आई एक महिला के साथ सिपाही शिवम कुमार की हाथापाई और थप्पड़ मारने की घटना सामने आई। विवाद नो-पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी करने से शुरू हुआ, लेकिन मामला तब बेकाबू हो गया जब सिपाही ने महिला का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया।

महिला ने जवाब में सिपाही का कॉलर पकड़ लिया, जिसका 45 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने वीडियो संज्ञान में लेते ही तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। कुंडा निवासी महिला श्रद्धालु मनगढ़ धाम दर्शन को आई थीं।

मंदिर के मुख्य द्वार के पास नो-पार्किंग जोन में उनकी कार खड़ी देख सिपाही शिवम कुमार, जो वहां यातायात ड्यूटी पर तैनात थे, ने चालान काटने को कहा। महिला श्रद्धालु ने विनम्रता से अनुरोध किया कि दर्शन के बाद गाड़ी हटा लेंगी, लेकिन सिपाही ने तुरंत गाड़ी जब्त करने की धमकी दी।

विवाद बढ़ा तो महिला श्रद्धालु मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगी। इससे आक्रोशित सिपाही ने फोन छीन लिया और ज़ोर से जमीन पर दे मारा, जिससे स्क्रीन टूट गई। राधिका ने गुस्से में सिपाही का कॉलर पकड़ लिया और चिल्लाई। इसी दौरान सिपाही ने कथित तौर पर महिला को थप्पड़ मारा। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने बीच-बचाव किया, लेकिन वीडियो पहले ही बन चुका था।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि सिपाही महिला को धक्का दे रहा है और फोन पटकते हुए गाली-गलौज कर रहा है। वीडियो ट्विटर और व्हाट्सएप पर यह वीडियो वायरल हो गया। महिला श्रद्धालु ने कुंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें सिपाही पर मारपीट, फोन तोड़ने और अभद्रता का आरोप लगाया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने प्रकरण की जांच के लिए टीम गठित की है।