प्रतापगढ़, 25 अक्टूबर 2025। भारतीय नीति संवाद केंद्र, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान हंसराज कालेज के अर्थशास्त्र विभाग तथा पंचपरमेश्वर विद्यापीठ के संयुक्त तत्वाधान में सहभागी लोकतंत्र तथा सामुदायिक समाज पर विमर्श का आयोजन हुआ। जिसमें अर्थशास्त्र विभाग के चिंतनशील विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
उन्होंने वर्तमान समय में सामुदायिक भाव व व्यवहार की प्रासंगिकता पर जहां सवाल खड़ा किया, वहीं उसकी आवश्यकता तथा महत्ता को स्वीकार करते हुए आज के समाज के लिए बहुत महत्वपूर्ण माना। साथ ही सहभागी लोकतंत्र के विविध पक्षों पर अपनी राय भी व्यक्त किया। विमर्श के मुख्य वक्ता चंद्र शेखर प्राण द्वारा सहभागी लोकतंत्र के रूप में पंचायत व नगरपालिका के परम्परागत एवं संवैधानिक स्वरूप का तथ्य परक विश्लेषण करते हुए वर्तमान समय की आवश्यकता के मुताबिक उसके प्रभावी स्वरूप के लिए सामुदायिक चेतना के जागरण व व्यवहार के नवस्थापन की प्रक्रिया को तार्किक आधार पर सहज अनिवार्यता के रूप में प्रस्तुत किया गया।
कालेज में विद्यार्थियों द्वारा दीवाली महोत्सव का भी आयोजन किया गया था। इसके बावजूद सम्बंधित विभाग के चिंतनशील तथा नेतृत्व की भूमिका में कई विद्यार्थी विमर्श में सक्रिय रूप में शामिल रहे। इस आयोजन की मुख्य जिम्मेवारी अथर्शास्त्र विभाग की एकोनामिक सोसायटी की थी। उसके सभी पदाधिकारी तथा अधिकांश सदस्यों की विमर्श के आयोजन में सक्रिय भूमिका रही।













