रानीगंज (प्रतापगढ़), 27 अक्टूबर 2025। प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के पचरास गांव में हुई छिनैती की घटना पर एसपी दीपक भूकर ने सख्त तेवर दिखाया है। मामले का खुलासा करने के लिए उन्होंने रानीगंज, फतनपुर थाने की पुलिस टीम के साथ ही स्वाट टीम को लगाया है। इसका पर्यवेक्षण सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी कर रहे हैं।
सीओ श्री साहनी ने बताया कि आशीष गुप्ता रानीगंज में रेलवे क्रासिंग के पास मेडिकल स्टोर चलाते हैं। 26 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे रात घर लौटते समय पचरास गांव में मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उनके साथ छिनैती की, यह जानकारी उन्होंने पुलिस को दी।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम के साथ सीओ श्री साहनी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरानी आशीष गुप्ता ने एक अंगूठी और साढ़े पांच हजार रुपये की छिनैती होने की जानकारी पुलिस को दी। सीओ श्री साहनी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने मामले की पड़ताल और खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं। इनमें रानीगंज और फतनपुर थाने की टीम के साथ ही स्वाट टीम शामिल है।
सीओ श्री साहनी ने कहा कि जल्द ही पुलिस टीम छिनैती करने वालों का पता लगा लेगी और विधिक कार्रवाई करेगी।















