• Home
  • विदेश
  • किंग चार्ल्स ने भाई प्रिंस एंड्रयू की उपाधि छीनी, पैलेस से किया बेदखल
किंग चार्ल्स ने भाई प्रिंस एंड्रयू की उपाधि छीनी

किंग चार्ल्स ने भाई प्रिंस एंड्रयू की उपाधि छीनी, पैलेस से किया बेदखल

लंदन, 31 अक्टूबर 2025। ब्रिटेन के शाही परिवार में बड़ा झटका सामने आया है। किंग चार्ल्स तृतीय ने अपने छोटे भाई प्रिंस एंड्रयू से शाही उपाधियां छीन ली है। उन्हें विंडसर स्थित रॉयल लॉज से बेदखल कर दिया है। यह कदम लंबे समय से चल रहे यौन शोषण विवादों और अमेरिकी अरबपति जेफरी एपस्टीन के साथ उनके संबंधों को लेकर उठे विवाद के बीच लिया गया है।

बकिंघम पैलेस ने इस पूरे मामले पर एक औपचारिक बयान जारी किया है। पैलेस ने कहा, राजा ने आज औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है जिसके तहत प्रिंस एंड्रयू अब किसी भी शाही उपाधि का उपयोग नहीं करेंगे। उन्हें अब केवल एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के नाम से जाना जाएगा।

बयान में आगे कहा गया, उन्हें विंडसर पैलेस स्थित रॉयल लॉज छोड़ने के लिए नोटिस दे दिया गया है। एंड्रयू को सैंड्रिंघम, नॉरफॉक में शाही संपत्ति के एक छोटे निवास में स्थानांतरित किया जाएगा। यह कदम आवश्यक माना गया है, भले ही वे सभी आरोपों से लगातार इनकार करते रहे हों।

क्या है पूरा मामला

ब्रिटेन के 65 वर्षीय प्रिंस एंड्रयू का नाम पिछले पंद्रह वर्षों से अमेरिकी अरबपति और यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ दोस्ती को लेकर विवादों में रहा है। हाल ही में यह विवाद उस समय और गहराया जब एपस्टीन की पीड़िता वर्जीनिया रॉबर्ट्स गिफ्रे के मरणोपरांत प्रकाशित संस्मरण नोबडीज गर्ल में एंड्रयू पर गंभीर आरोप लगाए गए। गिफ्रे ने अपने संस्मरण में दावा किया कि किशोरावस्था में उनके साथ प्रिंस एंड्रयू ने तीन अलग-अलग मौकों पर यौन संबंध बनाए थे। हालांकि एंड्रयू ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है और कहा कि वह निर्दोष हैं।

जेफरी एपस्टीन कौन

एपस्टीन एक अमेरिकी अरबपति और निवेशक था जिसने 1982 में अपनी निवेश कंपनी जे एपस्टीन एंड कंपनी की स्थापना की थी। धीरे-धीरे उसने अमेरिका के कई हिस्सों में आलीशान संपत्तियां खरीदीं और अपनी हाई-प्रोफाइल जीवनशैली के कारण प्रसिद्ध हुआ।

उसकी दोस्ती पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, डोनाल्ड ट्रंप, अभिनेता केविन स्पेसी और कॉमेडियन क्रिस टकर जैसे बड़े नामों से थी। वह अपने यौन शोषण नेटवर्क और नाबालिग लड़कियों के शोषण के मामलों में कुख्यात हो गया था। एपस्टीन की करीबी रही गिस्लेन मैक्सवेल बाद में इसी नेटवर्क के संचालन में दोषी पाई गईं।

एंड्रयू और एपस्टीन की विवादित दोस्ती

बीबीसी की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2006 में राजकुमारी बीट्राइस के 18वें जन्मदिन समारोह के दौरान प्रिंस एंड्रयू ने एपस्टीन, गिस्लेन मैक्सवेल और बदनाम फिल्म निर्माता हार्वे वाइंस्टीन को रॉयल लॉज में आमंत्रित किया था। उसी समय एपस्टीन पर नाबालिगों के यौन उत्पीड़न के आरोप में अमेरिका में गिरफ्तारी वारंट जारी था। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन मेहमानों ने विंडसर कैसल की बड़ी पार्टी में जाने से पहले लॉन में आयोजित एक निजी पार्टी में भी हिस्सा लिया था, जिसकी तस्वीरें बाद में मीडिया में वायरल हुईं।

शाही प्रतिष्ठा पर असर

ब्रिटेन के राजपरिवार की साख पर इस प्रकरण ने गहरी चोट पहुंचाई है। किंग चार्ल्स ने सिंहासन संभालने के बाद से शाही प्रतिष्ठा को स्वच्छ और पारदर्शी बनाए रखने की दिशा में कई सख्त कदम उठाए हैं। विश्लेषकों का मानना है कि प्रिंस एंड्रयू के खिलाफ यह कार्रवाई न केवल सार्वजनिक दबाव का परिणाम है, बल्कि यह संकेत भी है कि ब्रिटिश राजशाही अब विवादों को लेकर कोई समझौता नहीं करेगी।

आगे क्या होगा

किंग चार्ल्स के इस निर्णय के बाद अब एंड्रयू आधिकारिक रूप से किसी भी शाही कार्यक्रम या जिम्मेदारी का हिस्सा नहीं होंगे। उन्हें ‘ड्यूक ऑफ यॉर्क’ की उपाधि से पहले ही वंचित किया जा चुका है, और अब उनके शाही जीवन का अध्याय लगभग समाप्त माना जा रहा है।