• Home
  • यूपी
  • प्रतापगढ़ में ड्रग माफिया के घर मिला नोटों का भंडार, 22 घंटे चली गिनती
प्रतापगढ़ में ड्रग माफिया के घर मिला नोटों का भंडार, 22 घंटे चली गिनती

प्रतापगढ़ में ड्रग माफिया के घर मिला नोटों का भंडार, 22 घंटे चली गिनती

प्रतापगढ़, 9 नवंबर 2025। उत्तर प्रदेश का प्रतापगढ़ जिला एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां पुलिस को एक ड्रग माफिया के घर में नोटों का भंडार मिला है। इस भंडार में मिले नोटों की गिनती करने में पुलिस को 22 घंटे लगे। गिनती में 2.01 करोड़ रुपये होने की पुष्टि हुई। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने प्रेस कांफ्रेंस कर मीडिया को पूरी जानकारी दी।

आप जानना चाह रहे होंगे कि वह ड्रग माफिया कौन है और कहां का रहने वाला है। इस ड्रग माफिया का नाम राजेश मिश्र है। यह कुंडा तहसील के मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुंदीपुर गांव का रहने वाला है। राजेश मिश्र के इस धंधे में उसकी पत्नी रीना, बेटा विनायक, बेटी कोमल, पड़ोसी यश और अजीत भी सहयोगी हैं।

पुलिस के मुताबिक राजेश मिश्र जेल में बंद है। वह सलाखों के पीछे से ही नशे का कारोबार चला रहा था। पुलिस ने राजेश मिश्र के घर से 2.01 करोड़ रुपये नगद के साथ ही 6.075 किलोग्राम गांजा और 577 ग्राम स्मैक भी बरामद किया है। नोट बोरियों में भरकर रखे थे।

राजेश के घर नारकोटिक्स विभाग और प्रतापगढ़ पुलिस ने शनिवार को छापा मारा था। इस दौरान पुलिस को नोटों से भरी बोरियां मिलीं, जिनकी गिनती के लिए मशीनें मंगाई गई। 22 घंटे बाद कुल 2 करोड़ 1 लाख 55 हजार 345 रुपये बरामद किए गए।

पुलिस ने राजेश की पत्नी रीना, बेटा विनायक, बेटी कोमल, पड़ोसी यश और अजीत को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि राजेश की पत्नी रीना लगातार इन गतिविधियों में शामिल थी। पुलिस ने उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि दबिश के दौरान जब टीम घर पहुंची तो रीना ने दरवाजा बंद कर लिया। जब दरवाजा खोला गया, तो 5 लोग पन्नियों में मादक पदार्थ छिपाने का प्रयास करते मिले। राजेश के घर मिले नोटों के भंडार से इलाके के लोग आश्चर्यचकित हैं।