• Home
  • यूपी
  • किसान शहीद स्थल कहला में फहरायेगा 125 फिट ऊंचा तिरंगा
Dinesh Pratap singh

किसान शहीद स्थल कहला में फहरायेगा 125 फिट ऊंचा तिरंगा

गौरा (प्रतापगढ़), 15 नवंबर 2025। किसान शहीद स्थल कहला में जल्द ही 125 फिट ऊंचा तिरंगा लहरायेगा। यह तिरंगा देश की आजादी के लिए शहीद हुए किसानों की अमर गाथा सुनाएगा। यहां 125 फिट ऊंचा तिरंगा लगवाये जाने की घोषणा शनिवार 15 नवंबर 2025 को योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने की। योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह शनिवार को रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर निकली एकता संदेश यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे।

यह यात्रा पूर्व विधायक धीरज ओझा के संयोजकत्व में गाजी का बाग चौराहा से सुवंसा बाजार तक निकली। पूर्व विधायक धीरज ओझा ने राधाकृष्ण की प्रतिमा भेंट कर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का स्वागत किया। बता दें देश को अंग्रेजी दासता से मुक्ति दिलाने में अवध किसान आंदोलन का सूत्रपात कहला की ही पवित्र धरती से हुआ था।

16 फरवरी 1931 को किसानों की बडी सभा कहला गांव में विंदेश्वरी दुबे की तीन पेड़वा बाग में आयोजित थी। किसानों की सभा को रोकने के लिए अंग्रेज सिपाहियों ने सभास्थल पर सबसे पहले तिरंगा लेकर खड़े कहला गांव के सपूत कालिका प्रसाद विश्वकर्मा पर चलाई थी।

उनके गिरते ही दूसरे किसान साथी मथुरा प्रसाद यादव जो इसी क्षेत्र के कौलापुर गांव के रहने वाले थे और रामदास उपाध्याय जो गौरा रेलवे स्टेशन के पास के रहने वाले थे, ने बारी-बारी से तिरंगे को थामते रहे। इन किसानों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी पर तिरंगे की शान में दाग नहीं लगने दिया।

अब यह स्थल जो किसान शहीद स्मारक स्थल के रुप में विकसित हैं, वहां 125 फिट ऊंचा तिरंगा 24 घंटे लहराकर अमर किसानों की बलिदानी गाथा सुनाएगा। पूर्व विधायक धीरज ओझा की मांग पर मंत्री दिनेश सिंह ने कहा कि जल्द ही यह तिरंगा स्थापित कर दिया जाएगा और उस शुभ मौके का साक्षी बनने के लिए वह खुद कार्यक्रम में शामिल होने आएंगे।

इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष केके सिंह, जिला प्रभारी कौशलेन्द्र पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिनेश पटेल और फूलपुर की पूर्व सांसद श्रीमती केसरी देवी पटेल, विकास खंड गौरा के पूर्व ब्लाक प्रमुख राकेश सरोज ने भी अपने विचारों को व्यक्त किया।