• Home
  • बिजनेस
  • कैट ने शुरू किया अनोखा अभियान, लाभान्वित होंगे देश के उद्यमी
कैट ने शुरू किया अनोखा अभियान, लाभान्वित होंगे देश के उद्यमी

कैट ने शुरू किया अनोखा अभियान, लाभान्वित होंगे देश के उद्यमी

नागपुर, 15 नवंबर 2025। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने अनोखा अभियान शुरू किया है। इस अभियान का नाम रखा गया है स्वदेशी बेंचे-स्वदेशी खरीदें। इससे देश के लाखों उद्यमी लाभान्वित होंगे।

यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी अपनाओ-आत्मनिर्भर भारत बनाओ के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। कैट और स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में देशव्यापी स्वदेशी संकल्प यात्रा की शुरुआत 15 नवम्बर 2025 को नागपुर से की गई।

कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने बताया कि प्रथम चरण में यह यात्रा महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, दिल्ली एवं राजस्थान में घूमेगी। उसके बाद अन्य राज्यों में भी यह यात्राएं चलेंगी। यह यात्रा देश भर के विभिन्न राज्यों में लगभग 25 हजार किलोमीटर की यात्रा करेगी।

श्री पारवानी ने आगे बताया कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का शुभारंभ लोकसभा सांसद तथा कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल, कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया, स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह संयोजक सतीश कुमार तथा तथा किसान मोर्चा के वरिष्ठ नेता विपुल त्यागी ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी तथा कैट मध्यप्रदेश के महामंत्री राजीव खंडेलवाल सहित नागपुर तथा आस पास के जिलों के प्रमुख व्यापारी संगठनों, प्रोफेशनल संगठनों, उपभोक्ता संगठन, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आरडब्ल्यूए संगठनों के सैंकड़ों वरिष्ठ नेता मौजूद रहें।

यात्रा के दौरान विभिन्न शहरों में स्वदेशी बेचो- स्वदेशी खरीदो, आत्मनिर्भर भारत और एक देश-एक चुनाव पर सेमिनार, कार्यशाला और सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें व्यापारियों, छात्रों, महिलाओं, उपभोक्ताओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उद्देश्य यह है कि स्वदेशी विचार को जमीनी स्तर तक ले जाया जाए।