प्रतापगढ़, 22 नवंबर 2025। कुंडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के सुप्रीमो रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया ने अपने मशहूर अस्तबल में एक और शानदार घोड़ा शामिल किया है। इस नए घोड़े का नाम ‘ट्रोजन’ (TROJAN) रखा गया है, जो अपनी ऊंचाई, ताकत और खूबसूरती के लिए चर्चा का विषय बन गया है। शनिवार 22 नवंबर 2025 को भदरी एस्टेट में आयोजित एक साधारण लेकिन भव्य समारोह में राजा भइया ने स्वयं ट्रोजन को अस्तबल में शामिल किया।
यह घोड़ा विदेशी नस्ल का है। काले रंग का यह शक्तिशाली घोड़ा देखते ही लोगों की नजरें ठहर जा रही हैं। समर्थकों ने इसे राजा भइया की शान और ताकत का नया प्रतीक बताया। राजा भइया का घुड़सवारी और बेहतरीन नस्ल के घोड़ों का शौक किसी से छिपा नहीं है। उनके भदरी एस्टेट का अस्तबल उत्तर भारत के सबसे प्रतिष्ठित अस्तबलों में शुमार है।
यहां पहले से मौजूद ‘विराट’, ‘सिकंदर’, ‘अर्जुन’, ‘चीता’ जैसे मशहूर घोड़ों की फौज में अब ट्रोजन ने जगह बना ली है। समर्थकों का कहना है कि जिस तरह ट्रोजन युद्ध कला में माहिर था, उसी तरह यह घोड़ा भी अपनी रफ्तार और स्टैमिना में बेमिसाल है। इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
राजा भइया ने घोड़े को सहलाते हुए कहा कि घोड़ा सिर्फ शौक नहीं, वफादारी और हिम्मत का प्रतीक है। हालांकि उन्होंने घोड़े की कीमत या खरीद के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया। ट्रोजन के आने से एक बार फिर राजा भइया की रुतबा और शौकीन मिजाजी की चर्चा पूरे कुंडा-प्रतापगढ़ क्षेत्र में हो रही है।














