प्रतापगढ़, 29 नवंबर 2025। जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने जनपदवासियों से अपील की है कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत रविवार 30 नवंबर को छुट्टी के दिन सभी मतदेय स्थलों (बूथों) पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सभी प्राथमिक विद्यालय खुले रहेंगे।
डीएम ने बताया कि प्रत्येक बूथ पर बीएलओ, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, रोजगार सेवक, सफाई कर्मी सहित सभी संबंधित कार्मिक उपस्थित रहेंगे। जिन मतदाताओं ने पहले से गणना प्रपत्र (फॉर्म) भरकर रखा है, वे उसे तुरंत अपने बीएलओ को जमा कर दें। वहीं जिन मतदाताओं का प्रपत्र अभी तक नहीं भरा गया है या भरने में किसी प्रकार की कठिनाई हो रही है, उनके फॉर्म कैंप में मौके पर ही भरे जाएंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता का फॉर्म किसी भी कारणवश अब तक शेष रह गया है तो वह आधार कार्ड, राशन कार्ड या अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर अपने निकटतम मतदेय स्थल पर अवश्य पहुंचे। कैंप में सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी ताकि कोई भी पात्र मतदाता वंचित न रहे। यह अभियान मतदाता सूची को शत-प्रतिशत सटीक एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। डीएम ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने मताधिकार को मजबूत बनाने की अपील की है।














