नई दिल्ली, 13 दिसंबर 2025। देश में वित्तीय समावेशन को मजबूत करने और निवेश उत्पादों की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत संचार मंत्रालय के डाक विभाग (डीओपी) और एशिया के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के बीच एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह एमओयू 12 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में संपन्न हुआ। यह पहल बजट 2025-26 की उस घोषणा के अनुरूप है, जिसमें ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए इंडिया पोस्ट के विशाल नेटवर्क के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया है।
इस रणनीतिक साझेदारी के तहत इंडिया पोस्ट अपने व्यापक डाक नेटवर्क के माध्यम से म्यूचुअल फंड उत्पादों के वितरक के रूप में कार्य करेगा। इससे ग्रामीण, अर्ध-शहरी और पिछड़े इलाकों में रहने वाले नागरिकों को निवेश के नए अवसर उपलब्ध होंगे। इंडिया पोस्ट की मजबूत लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बीएसई के देश के सबसे बड़े म्यूचुअल फंड वितरण प्लेटफॉर्म बीएसई स्टार एमएफ के साथ जोड़ा जाएगा, जिससे निवेश प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाया जा सकेगा।
तीन वर्षों के लिए किया करार
समझौता ज्ञापन पर डाक विभाग की महाप्रबंधक (सीसीएस और आरबी) सुश्री मनीषा बंसल बादल और बीएसई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदरारमन राममूर्ति ने दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। यह एमओयू 12 दिसंबर 2025 से 11 दिसंबर 2028 तक तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा, जिसमें आगे नवीनीकरण का प्रावधान भी शामिल है।
समझौते से क्या बदलेगा
- चयनित डाक कर्मचारियों को म्यूचुअल फंड वितरक के रूप में प्रशिक्षित और प्रमाणित किया जाएगा।
- ये कर्मचारी बीएसई स्टार एमएफ प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेशक सेवाएं प्रदान करेंगे और म्यूचुअल फंड से जुड़े लेनदेन को सुगम बनाएंगे।
- बीएसई पात्र और प्रशिक्षित डाक अधिकारियों के लिए कर्मचारी विशिष्ट पहचान संख्या (ईयूआईएन) जारी करेगा, जिससे पारदर्शी और नियमन-सम्मत वितरण सुनिश्चित हो सके।
- बीएसई, डाक कर्मचारियों और एजेंटों को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (एनआईएसएम) के म्यूचुअल फंड वितरक प्रमाणन प्राप्त करने में भी सहायता करेगा।
- प्रमाणन के बाद ये अधिकारी निवेशकों को सही निवेश विकल्प चुनने में मार्गदर्शन देंगे, लेनदेन निष्पादित करेंगे और अंतिम छोर तक निवेशक सहायता प्रदान करेंगे।
म्यूचुअल फंड की पहुंच बढ़ेगी
बीएसई का उद्देश्य एक कुशल और निवेशक-अनुकूल म्यूचुअल फंड इकोसिस्टम को बढ़ावा देना है। इस साझेदारी से टियर-2, टियर-3 और ग्रामीण क्षेत्रों में म्यूचुअल फंड की पहुंच बढ़ेगी, निवेशक जागरूकता में इजाफा होगा और भारत को वित्तीय रूप से अधिक सशक्त बनाने के लक्ष्य को बल मिलेगा।
READ MORE : डाक नेटवर्क, इंडिया पोस्ट और आधुनिक होगा: ज्योतिरादित्य

















