• Home
  • खेल
  • सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी में छत्तीसगढ़ की बड़ी जीत, मिले चार मेडल
asr24news

सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी में छत्तीसगढ़ की बड़ी जीत, मिले चार मेडल

रायपुर, 14 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ तीरंदाजी के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में राज्य के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। छत्तीसगढ़ ने इस प्रतियोगिता में कुल चार मेडल अपने नाम किए हैं। छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 32वीं सीनियर एनटीपीसी राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 20 दिसंबर 2025 तक तेलंगाना में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के 36 तीरंदाज, कोच और मैनेजर भाग ले रहे हैं।

मुरारका ने बताया कि इंडियन राउंड वर्ग में छत्तीसगढ़ को पहला गोल्ड मेडल मिला। 30 मीटर स्पर्धा में विकास कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। यह प्रदेश के लिए गर्व का क्षण रहा। दूसरा मेडल 50 मीटर स्पर्धा में आया। इस स्पर्धा में चांदनी साहू ने सिल्वर मेडल जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। तीसरा मेडल बालिका टीम इवेंट में मिला। छत्तीसगढ़ की टीम ने झारखंड को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

चौथा मेडल ओलंपिक ग्राउंड राउंड में मिला। इस स्पर्धा में विकास कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस तरह प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ पर मेडल की बारिश हो गई। खास बात यह रही कि चांदनी साहू और विकास कुमार दोनों ही जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ी हैं। इन खिलाड़ियों ने सीनियर वर्ग में मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है।

नवंबर में ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश में भी इन खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल जीता था। हाल ही में नेशनल गेम्स में भी इन्होंने छत्तीसगढ़ को चार मेडल दिलाए थे। उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर में होने वाली आगामी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भी यही खिलाड़ी मेडल जीतेंगे। टीम के रायपुर लौटने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ, जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।