• Home
  • यूपी
  • प्रतापगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की क्रॉस चेकिंग करने पहुंची 17 टीमें, सीएचसी-पीएचसी का किया निरीक्षण
asr24news

प्रतापगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की क्रॉस चेकिंग करने पहुंची 17 टीमें, सीएचसी-पीएचसी का किया निरीक्षण

प्रतापगढ़, 15 दिसंबर 2025। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शासन स्तर से बड़ी कार्रवाई शुरू की गई है। जिले भर में गठित 17 जांच टीमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और उपकेंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं। इस जांच अभियान का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में आम लोगों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता की जमीनी हकीकत सामने लाना है।

यह विशेष जांच अभियान 13 दिसंबर से शुरू हुआ है और 15 दिसंबर तक चलेगा। जांच पूरी होने के बाद सभी 17 टीमें अपनी-अपनी रिपोर्ट 17 दिसंबर को अयोध्या में शासन के प्रमुख सचिव को सौंपेंगी। शासन ने यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित स्वास्थ्य संस्थानों की क्रॉस चेकिंग के लिए लिया है, ताकि कागजी दावों और जमीनी सच्चाई के बीच का अंतर स्पष्ट हो सके।

प्रतापगढ़ जिले में जांच की जिम्मेदारी आंबेडकर नगर जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मियों को सौंपी गई है। टीमों ने अलग-अलग विकासखंडों में पहुंचकर सीएचसी, पीएचसी और उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्यों ने उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी जुटाई और उसे अपनी डायरी में दर्ज किया। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति को प्रमाणित करने के लिए मोबाइल फोन से फोटोग्राफ भी लिए गए।

क्रॉस चेकिंग अभियान को लेकर जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी सुबह से ही सतर्क नजर आए। कई ऐसे कर्मचारी, जो सामान्य दिनों में कभी-कभार ही ड्यूटी पर पहुंचते थे, वह भी तय समय से पहले केंद्रों पर उपस्थित दिखे। इससे यह साफ हुआ कि जांच अभियान का असर स्वास्थ्य व्यवस्था पर तत्काल दिखाई देने लगा है।

जांच कर रहे आंबेडकर नगर के डिप्टी सीएमओ डॉ. लालजी ने बताया कि यह पूरी जांच गोपनीय रखी जा रही है। सभी बिंदुओं की गहन जांच और सत्यापन के बाद अंतिम रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि 17 दिसंबर को अयोध्या में समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख सचिव के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

निरीक्षण के दौरान टीमों ने ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, प्रसव कक्ष, ब्लड जांच केंद्र और दवा वितरण कक्ष सहित अस्पताल की विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली का बारीकी से मूल्यांकन किया। चिकित्सकीय उपकरणों की कार्यशीलता, साफ-सफाई की स्थिति, मरीजों को दी जा रही सुविधाएं और रिकॉर्ड संधारण पर विशेष ध्यान दिया गया।