• Home
  • यूपी
  • कनेवरा, भीट उपकेन्द्र में स्वास्थ्य सेवाओं की जांच करने पहुंची टीम
asr24news

कनेवरा, भीट उपकेन्द्र में स्वास्थ्य सेवाओं की जांच करने पहुंची टीम

गौरा (प्रतापगढ़), 15 दिसंबर 2025। प्रतापगढ़ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शासन स्तर से चलाए जा रहे क्रास चेकिंग अभियान के तहत सोमवार को 17 जांच टीमों में से एक टीम ने सीएचसी गौरा क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने कनेवरा और भीट सहित विभिन्न उपकेंद्रों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

जांच टीम की अगुवाई अंबेडकरनगर जिले के डिप्टी सीएमओ डॉ. आशुतोष सिंह ने की। उनके साथ स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कमर्चारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के समय सीएचसी गौरा के अधीक्षक डॉ. ए.के. सिंह, बीसीपीएम हसनैन सिद्धीकी सहित संबंधित स्टाफ उपस्थित रहा और टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

निरीक्षण के दौरान टीम ने उपकेंद्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच की। इसमें ओपीडी संचालन, टीकाकरण व्यवस्था, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई की स्थिति और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम ने मरीजों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी आकलन किया।

डॉ. आशुतोष सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर यह क्रास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदशिर्ता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सभी बिंदुओं पर तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी।

टीम के सदस्यों ने उपकेंद्रों में रखे गए रजिस्टरों, रिकॉर्ड संधारण और रिपोर्टिंग व्यवस्था की भी जांच की। जहां कहीं कमियां पाई गईं, वहां संबंधित स्टाफ को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मी पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। उपकेंद्रों पर तैनात कमर्चारियों ने टीम को अपनी कार्यप्रणाली और सेवाओं की जानकारी दी। टीम ने आम लोगों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जानी।