प्रतापगढ़ में 44000 महिलाएं बनेंगी लखपति दीदी

प्रतापगढ़, 19 दिसंबर 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में 44000 महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य जिला प्रशासन ने तय किया है। इस योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें सालाना एक लाख रुपये तक की आय अर्जित करने के लिए सक्षम बनाया जाना है।

यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राथमिकता की सूची में शामिल किया है। योजना को शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए प्रतापगढ़ जिले में मुख्य विकास अधिकारी डॉ दिव्या मिश्रा ने जिला आजीविका मिशन-क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक ली। बैठक में डीसी एनआरएलएम देव कुमार ने बताया कि जिले में 44000 लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

स्वयं सहायता समूह में शामिल दीदी को पशु शेड, गोट शेड, मुर्गीमेट (पशु आवास) इत्यादि योजनाओं में प्राथमिकता दी जायेगी। इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करना है, ताकि वे सालाना 1 लाख रूपये या उससे अधिक की आय अर्जित कर सकें।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ दिव्या मिश्रा ने सभी बैंक समन्वयकों को निर्देशित किया कि लखपति दीदी बनाने में सभी बैंक सहयोग करें और जो भी छोटे-छोटे ऋण है उन्हें समय से स्वीकृत करें। यदि किसी प्रकार की कमियां पायी जाये तो समय से अवगत करा दिया जाये।