यूपी

बोर्रा गांव में बच्चों व गर्भवती महिलाओं को लगे टीके

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On दिसम्बर 24, 2025
1 min read • 1.2k views
बोर्रा गांव में बच्चों व गर्भवती महिलाओं को लगे टीके

गौरा (प्रतापगढ़), 24 दिसंबर 2025। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गौरा के अंतर्गत बोर्रा गांव में बुधवार को विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य क्षेत्र में बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय पर टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। आयोजन में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

शिविर में एएनएम रीता देवी द्वारा 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को निर्धारित टीके लगाए गए। टीकाकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया गया। बच्चों के अभिभावकों को टीकों के महत्व और समय-सीमा की जानकारी भी दी गई, ताकि भविष्य में कोई भी टीका छूट न जाए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गौरा से बीसीपीएम नितिन शर्मा तथा सुपरवाइजर अंकित सिंह ने टीकाकरण कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर टीकाकरण को लेकर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

शिविर में सीएचओ अश्वी अस्थाना द्वारा उपस्थित लोगों का शुगर एवं ब्लड प्रेशर परीक्षण किया गया। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को खान-पान और नियमित जांच से संबंधित परामर्श भी दिया गया। इससे ग्रामीणों को प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य जांच का लाभ मिला।

घर-घर टीकाकरण अभियान के बारे में ब्लॉक समन्वयक परी सिंह और दीपक राय ने ग्रामीणों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोई भी पात्र बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है।

कैंप के सफल संचालन में आशा कार्यकर्ता सुमन श्रीवास्तव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शशी सिंह, नीरा श्रीवास्तव एवं सहायिका सीता देवी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बताया।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।