यूपी

प्रतापगढ़ में बनेगा भव्य स्तूप, हर वर्ष दिया जाएगा धम्म गौरव सम्मान

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अप्रैल 13, 2026
1 min read • 1.2k views
प्रतापगढ़ में बनेगा भव्य स्तूप

प्रतापगढ़, 13 अप्रैल 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में भव्य स्तूप का निर्माण कराया जाएगा। हर वर्ष धम्म गौरव सम्मान दिया जाएगा। यह घोषणा समन्वय सेवा संस्थान के अध्यक्ष अवधेश अंजनी ने की।

प्रतापगढ़ शहर में सई नदी के तट पर स्थित सुगतानन्द बुद्ध विहार में धम्मसारथी पूज्य तत्वलींन भदन्त कल्याणमित्र महास्थविर की द्वितीय पुण्यतिथि श्रद्धा व संकल्प के साथ मनाई गयी। कार्यक्रम में जनपद सहित सुल्तानपुर, प्रयागराज, रायबरेली, व अमेठी के श्रद्धावान उपासक, उपासिकाये शामिल हो कर उनकी पावन पुण्य स्मृति को याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

कार्यक्रम का बुद्धारम्भ पावन भिक्षु संघ भन्ते शांति मित्र, भंते अश्वजित,भंते प्रज्ञानन्द व भंते आनंदमित्र द्वारा त्रिशरण, पंचशील व वंदना आनापानसति (ध्यान साधना) के साथ हुई। आचार्य उमेश चंद्र के नेतृत्व में परित्राण पाठ किया गया।

स्मृतिशेष भदंत कल्याणमित्र की पावन स्मृतियों को याद करते हुए भंते शांतिमित्र द्वारा स्मरण संस्मरणो को याद करते हुए बताया गया कि भदंत कल्याणमित्र महास्थविर के पिताजी भन्ते उपालि ने अपने गुरू भन्ते सुगतानन्द के संकेत पर अपने आवास पर भी एक बुद्ध प्रतिमा की स्थापना की, घर में विहार बना दिया, जिसका उद्घाटन 1 मई , 1969 को उत्तर प्रदेश के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी ने किया था।

न केवल इतना बल्कि इस आवासीय विहार के उद्घाटन के अवसर पर बर्मा के तत्कालीन प्रधानमंत्री ऊ नू का आगमन भी हुआ। अलावा इसके भदन्त एन. जिनरत्न नामक महास्थविर, सिक्किम के महाराज चोग्याल पोल्डेन भोन्डुप नामग्याल, भिक्षु जगदीश कश्यप तथा जापान के भदन्त फूजी गुरू भी इस आवासीय विहार में पधार चुके हैं।

भंते अश्वजीत व भंते शांति मित्र ने उनके बताए हुए मार्ग पर सभी को चलने के लिए आवाहन किया। कार्यक्रम का संयोजन व संचालन करते हुए राकेश कनोजिया ने कहा कि भदंत कल्याणमित्र जी न केवल जनपद के धम्म सारथी रहे अपितु उनका प्रभाव प्रयागराज अयोध्या सुल्तानपुर कादीपुर व जौनपुर आदि जनपदों में बहुत ही प्रभावशाली रहा।

प्रयागराज से पधारें भंते आनंद मित्र ने कहा कि पूज्य भंते जी राष्ट्र की प्रतिष्ठित संस्था महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के वह आजीवन सदस्य के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने जनपद में उपालि बुद्ध विहार व सुगतानन्द बुद्ध विहार की स्थापना में अहम भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समन्वय सेवा संस्थान के अध्यक्ष अवधेश अंजनी ने उनकी स्मृति में प्रत्येक वर्ष धम्म गौरव सम्मान के साथ एक भव्य स्तूप के निर्माण की घोषणा की।

जनपद में चलाये जा रहे धम्म की गतिविधियों पर विस्तृत आख्या उपासक वेद प्रकाश ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बहन लीलावती, शोभा कनौजिया, जीतेन्द्र बहादुर यादव, विजय शंकर, राम सजीवन सरोज, रंजू संजय, डा. सोमित्र गुप्ता, वेदांत गुप्ता, निखिल कुमार गुप्ता, श्रवण कुमार, सुरभि गुप्ता, राम सूरत बौद्ध, राकेश गौतम, बृजेश कुमार, शुभम यादव, विपिन सरोज, डॉ. विजय सरोज आदि भारी संख्या में श्रद्धालुओं सामुहिक मैत्री साधना व कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति प्रदान की।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।