पीएमओ में डायरेक्टर अमृत अग्रहरि का कार्यकाल एक साल बढ़ा

नई दिल्ली, 3 मई 2026। पीएमओ में डायरेक्टर अमृत अग्रहरि का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने 2011-बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आयकर) अधिकारी अमृत अग्रहरि के लिए एक साल के सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी है। अग्रहरि प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमाओ) में डायरेक्टर के तौर पर अपनी अहम भूमिका निभाते रहेंगे।

कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा 2 मई, 2026 को जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, इस वरिष्ठ अधिकारी के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति कार्यकाल को पहले से तय समापन तिथि 9 जुलाई, 2026 से आगे बढ़ा दिया गया है। इस नए आदेश के तहत उनका पीएमओ में कार्यकाल 9 जुलाई, 2027 तक, या अगले आदेश तक जो भी पहले हो बढ़ा दिया गया है।

रणनीतिक भूमिकाओं का ट्रैक रिकॉर्ड

अग्रहरि का पीएमओ में कार्यकाल अक्टूबर 2025 के आखिर में शुरू हुआ था। वे आर्थिक मामलों के विभाग में डायरेक्टर के तौर पर सेवा देने के बाद आए थे। आर्थिक नीति और अंतर्राष्ट्रीय समन्वय में उनकी विशेषज्ञता जी-20 सचिवालय में उनके कार्यकाल के दौरान विशेष रूप से निखरी, जहां उन्होंने नवंबर 2022 में काम करना शुरू किया था। इस दौरान, भारत के पास जी-20 की अध्यक्षता थी। जी-20 के प्रमुख कार्यों के सफल समापन के बाद, मार्च 2024 में उन्हें पीएमाओ में उप सचिव नियुक्त किया गया, जिसके बाद उन्हें डायरेक्टर-स्तर की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।