मुंबई, 5 सितंबर 2025। फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ बंगाल में रिलीज नहीं हो पा रही है। इसे लेकर अब अभिनेत्री पल्लवी जोशी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि हमारी फिल्म बंगाल में रिलीज नहीं हो रही है। जब फिल्म ‘मां भारती’ पर बनी है, तो बंगाल में इसका रिलीज होना जरूरी है।
अभिनेत्री पल्लवी जोशी ने मीडिया से हुई वार्ता में कहा कि एक महिला होने के नाते, मैंने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने को कहा है ताकि हमारी फिल्म बंगाल में शांतिपूर्वक रिलीज हो सके। बंगाल के थिएटर मालिकों ने हमें बताया है कि पुलिस ने उनसे कहा है कि अगर उन्होंने फिल्म रिलीज की तो इसके परिणाम भुगतने होंगे।
पल्लवी का कहना है कि कोई आधिकारिक संवाद नहीं है, फिर भी वे डरे हुए हैं। अगर उन्होंने फिल्म पर प्रतिबंध लगाया, तो मैं कानूनी सहारा ले सकती हूं। अगर ममता जी फिल्म देखेंगी, तो एक बंगाली होने के नाते उन्हें इस पर गर्व होगा। उन्हें कम से कम एक बार फिल्म जरूर देखनी चाहिए।
















