• Home
  • यूपी
  • प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर पहुंची स्वास्थ्य टीम, बच्चों को खिलाई अलबेंडाजोल की गोली
प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर पहुंची स्वास्थ्य टीम

प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर पहुंची स्वास्थ्य टीम, बच्चों को खिलाई अलबेंडाजोल की गोली

गौरा (प्रतापगढ़), 10 फरवरी 2026। सीएचसी गौरा के अधीक्षक डॉ अजय सिंह के मार्ग निर्देशन में 10 फरवरी से स्कूलों और गांव में घर-घर जाकर बच्चों को अलबेंडाजोल की गोली खिलाने का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले दिन सुल्तानपुर में सीएचओ अश्वी अस्थाना, एएनएम रीता देवी ने प्राथमिक स्कूल समेत क्षेत्र के सभी स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को अलबेंडाजोल की गोली खिलाई।

उन्होंने इस गोली के खाने के फायदे बताये। एएनएम रीता देवी ने बताया कि कृमि एक परजीवी कीड़ा है जो गंदगी व अन्य कारणों से बच्चों के पेट में पैदा हो जाता है। यह परजीवी कीड़ा जिसे हम कृमि कहते हैं वह आंतों में पहुंचकर हमारे शरीर के पोषण तत्वों को खा जाता है।

इसके कारण बच्चों में बीमारी फैलनी शुरू हो जाती है। केन्द्र और राज्य की सरकार इससे बचाव के लिए प्रत्येक वर्ष 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाती है। इस दिन से अभियान चलाकर एक से 2 वर्ष तक के बच्चों को अलबेंडाजोल की आधी गोली और 2 वर्ष से अधिक और 19 वर्ष की उम्र तक के बच्चों को एक पूरी गोली खिलाई जाती है।

उन्होंने बच्चों को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, भोजन करने से पहले अच्छे ढंग से हाथ को धोने से होने वाले फायदे के बारे में जानकारी दी। बच्चों को शपथ दिलाई कि वे हमेशा स्वच्छता को अपनाएंगे और स्वस्थ नागरिक बनेंगे।