अलीगढ़, 19 दिसंबर 2025। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में इस वर्ष 15 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामलों में करीब 2500 मोबाइल नंबर अपराध में संलिप्त पाए गए, जिन्हें साइबर टीमों ने श्रेणीवार ब्लॉक कराया। साथ ही 2000 से अधिक बैंक खातों में रकम फ्रीज कराई गई। साइबर थाने में 1 लाख रुपये से अधिक ठगी के 411 मामले दर्ज हुए, जिनमें करीब 11 करोड़ रुपये की ठगी हुई। वहीं 1 लाख से कम राशि की 1500 से ज्यादा शिकायतें साइबर सेल में दर्ज की गईं। पुलिस के अनुसार टप्पल और गोंडा क्षेत्र के कुछ गांव साइबर ठगी के हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित हैं। एसएसपी नीरज जादौन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल नंबर और बैंक खातों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
संपत्ति विवाद बना खूनी, पिता-पुत्र को मारी गोली; बेटे की मौत
अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी क्षेत्र के बरौला जाफराबाद स्थित जाहरवीर नगर में 18 दिसंबर को संपत्ति विवाद के चलते परिवार के ही सदस्यों ने पिता-पुत्र को गोली मार दी। घटना में बेटे सोनू की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पिता प्रवेश कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना सुबह करीब 10 बजे हुई, जब संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि हमलावरों ने प्रवेश कुमार और उनके बेटे सोनू को घेरकर फायरिंग की, जिसमें सोनू के पेट-सीने और प्रवेश के पेट में गोली लगी। दोनों को पहले निजी अस्पताल और फिर जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सीओ बन्नादेवी कमलेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार चचेरे भाइयों के बीच बंटवारे को लेकर यह विवाद हुआ। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मस्जिद के लाउडस्पीकर की तेज आवाज का विरोध
अलीगढ़ में एक बार फिर मस्जिद के लाउडस्पीकर की तेज ध्वनि को लेकर विरोध का मामला सामने आया है। इस संबंध में करणी सेना की महिला पदाधिकारियों समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने मस्जिद के इमाम को लाउडस्पीकर बंद करने की चेतावनी दी। बताया जा रहा है कि करणी सेना के पदाधिकारी मस्जिद के बाहर खड़े होकर इमाम से बातचीत करते और तेज आवाज को लेकर आपत्ति जताते नजर आए। इसी दौरान बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। करणी सेना के पदाधिकारियों का कहना है कि मस्जिद के लाउडस्पीकर की तेज ध्वनि से आसपास रहने वाले बच्चों की पढ़ाई-लिखाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। फिलहाल लाउडस्पीकर विवाद को लेकर बना वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं प्रशासन की ओर से मामले पर नजर रखे जाने की बात कही जा रही है।
बैंक प्रताड़ना से परेशान बुजुर्ग ने किडनी बेचने की मांगी अनुमति
अलीगढ़ में एक बुजुर्ग दंपति ने बैंक कर्मियों पर लोन चुकाने के नाम पर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित बुजुर्ग ने अपनी आर्थिक मजबूरी बताते हुए राष्ट्रपति से किडनी बेचकर लोन चुकाने की अनुमति तक मांग डाली है। बताया गया है कि बुजुर्ग दंपति ने करीब 14 साल पहले 50 लाख रुपये का लोन लिया था। शुरुआत में नियमित रूप से किस्तें चुकाई जाती रहीं, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों की गंभीर बीमारी के चलते लोन की किस्तें नहीं दे पा रहे हैं। पीड़ित बुजुर्ग का आरोप है कि बैंक कर्मी लगातार दबाव बना रहे हैं, जिससे मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। इसी से आहत होकर बुजुर्ग ने राष्ट्रपति को संबोधित एक प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी को सौंपा है, जिसमें लोन चुकाने के लिए किडनी बेचने की अनुमति मांगी गई है। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच और आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
इगलास क्षेत्र में सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न, किसान परेशान
अलीगढ़ के थाना इगलास इलाके के पाईदापुर गांव में बंबा (नहर) की पटरी कट जाने से सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद हो गई। अचानक पानी फैलने से खेतों में खड़ी गेहूं और आलू की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि बंबा की पटरी कटते ही पानी तेजी से खेतों में घुस गया, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। फसल बर्बाद होने से क्षेत्र के किसान काफी परेशान और चिंतित नजर आ रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय लोगों और किसानों ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है और जल्द से जल्द पटरी की मरम्मत कराने के साथ मुआवजे की मांग की है। फिलहाल किसान नुकसान का आकलन कर प्रशासन से राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
शिल्पग्राम में गांधी जी का चरखा बना आकर्षण
अलीगढ़ के नुमाइश मैदान स्थित शिल्पग्राम में आयोजित मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग और माटी कला प्रदर्शनी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का चरखा दर्शकों का मुख्य आकर्षण बना। लोग चरखे के पास रुककर खादी के महत्व को समझ रहे हैं और सेल्फी ले रहे हैं। मेले में खादी से बनी सदरी, कुर्ता, शॉल, साड़ियां, टोपी, मफलर और अन्य परिधानों की अच्छी बिक्री हो रही है। स्टॉल संचालकों का कहना है कि चरखा दर्शकों को खरीदारी के लिए प्रेरित कर रहा है, जिससे बिक्री में वृद्धि हुई है। यह प्रदर्शनी खादी, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को लोगों तक पहुंचाने में भी प्रभावी साबित हो रही है।
19-25 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह
अलीगढ़ में 19 से 25 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रशासन गांव की ओर अभियान चलाएगा, जिसमें तहसील और पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे और लम्बित लोक शिकायतों का निवारण किया जाएगा। 23 दिसंबर को पूर्वाह्न 11 बजे विकास भवन सभागार में कार्यशाला का आयोजन भी होगा। अभियान के तहत स्टेट पोर्टल (I.G.R.S) में प्राप्त शिकायतों का निराकरण और ऑनलाइन सर्विस डिलीवरी में सुधार किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
उर्वरक विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई
अलीगढ़ में जिला कृषि अधिकारी धीरेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि उर्वरकों का विक्रय निर्धारित मूल्य से अधिक या गैर अनुदानित टैगिंग करने पर विक्रेताओं के खिलाफ 3/7 की कार्यवाही और नकली या कालाबाजारी पर रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में यूरिया, डीएपी और एनपीके उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे उर्वरकों का प्रयोग केवल वैज्ञानिक फसल संस्तुतियों के आधार पर करें। दोषी विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द किए जा चुके हैं और सख्त निगरानी जारी रहेगी।
बायोमेडिकल वेस्ट पर स्वास्थ्य विभाग सख्त
अलीगढ़ में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने स्पष्ट किया कि जिले में निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम्स और क्लीनिकों द्वारा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण के लिए सुदृढ़ और पारदर्शी व्यवस्था लागू की है। डॉ. त्यागी ने कहा कि सभी चिकित्सा इकाइयों का पंजीकरण और नवीनीकरण ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाता है, जिसमें स्टाफ योग्यता, अभिलेख और बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा की जाती है। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तुरंत सुधारा जाता है। जिला प्रशासन और विभागों के सहयोग से सघन निरीक्षण अभियान जल्द शुरू किया जाएगा, जिसमें अपंजीकृत इकाइयों, अवैध चिकित्सीय गतिविधियों और झोलाछापों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बिहार राज्यपाल का अलीगढ़ में दौरा
बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान 19 दिसंबर को अलीगढ़ का संक्षिप्त दौरा करेंगे। प्रातः 10:05 बजे पटना एयरपोर्ट से प्रस्थान कर वे लगभग 11:05 बजे अलीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। राज्यपाल एयरपोर्ट से सिविल लाइंस स्थित जेबा विला और फिर हनिफा मंजिल, जोहरा बाग जाएंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे अपराह्न 2:30 बजे राजकीय विमान से पटना के लिए रवाना होंगे। प्रशासन ने राज्यपाल के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ग्राम-नेगेटिव संक्रमण पर हुआ व्याख्यान
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में “भारतीय परिप्रेक्ष्य में ग्राम-नेगेटिव संक्रमण” विषय पर अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। एसजीपीजीआईएमएस, लखनऊ के प्रो. अफजल अजीम ने आईसीयू रोगियों में बढ़ते एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस और बहु-दवा प्रतिरोधी संक्रमणों की चुनौती पर चर्चा की। व्याख्यान में स्थानीय एंटीबायोटिक नीतियों और संक्रमण नियंत्रण के महत्व पर जोर दिया गया।
एएमयू में ‘इम्पैक्ट 2026’ का प्री-कॉन्फ्रेंस पोस्टर जारी
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में जाकिर हुसैन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग ने 13 फरवरी 2026 को होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘इम्पैक्ट 2026’ का प्री-कॉन्फ्रेंस पोस्टर जारी किया। कार्यक्रम में छात्रों और उद्योग विशेषज्ञों के लिए शोध, प्रोटोटाइप और नवाचारी डिजाइनों के प्रदर्शन के साथ संवाद को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रतिभागियों से 20 जनवरी तक सारांश जमा करने का अनुरोध किया गया है।
एएमयू स्कूल में अंतर-विद्यालय फुटबॉल और वॉलीबॉल प्रतियोगिता
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सैयद हामिद सीनियर सेकेंडरी स्कूल (ब्वायज) में अंतर-विद्यालय फुटबॉल और वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। फुटबॉल में मेजबान स्कूल ने आरएमपीएस एएमयू सिटी स्कूल को 1-0 से हराकर खिताब जीता, जबकि वॉलीबॉल टीम ने भी प्रथम स्थान हासिल किया। पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीमों को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और अतिथिगण मौजूद रहे।
एएमयू में अंतरराष्ट्रीय अल्पसंख्यक अधिकार दिवस पर संगोष्ठी
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग ने अंतरराष्ट्रीय अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर संगोष्ठी आयोजित की। कार्यक्रम में संविधान, वैश्विक अनुभव और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने भारतीय संविधान में अल्पसंख्यक अधिकारों की भूमिका और उनके संरक्षण की अहमियत पर प्रकाश डाला। संगोष्ठी का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।














