• Home
  • यूपी
  • आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बताई गई संचारी रोग नियंत्रण अभियान में क्या है उनकी भूमिका
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बताई गई संचारी रोग नियंत्रण अभियान में क्या है उनकी भूमिका

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बताई गई संचारी रोग नियंत्रण अभियान में क्या है उनकी भूमिका

गौरा (प्रतापगढ़), 3 जुलाई 2025। विकास खंड गौरा के सभागार में गुरुवार को संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बीएमसी नरेंद्र कुमार मिश्र ने अभियान की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कुपोषित बच्चों की पहचान और उनके पोषण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा के अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने मलेरिया, दिमागी बुखार और डेंगू जैसे संचारी रोगों के प्रसार और बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।

सीडीपीओ श्रीमती वीनू सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से पिछले अभियान से बेहतर प्रदर्शन करने का आश्वासन लिया। बीपीएम नितिन शर्मा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से आशा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर दस्तक अभियान को सफल बनाने और दस्त रोको अभियान के तहत ओआरएस के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने और स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

बैठक में आईसीडीएस सुपरवाइजर श्रीमती सुनैना और एचएस अरविंद यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह अभियान गौरा क्षेत्र में स्वास्थ्य और पोषण संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए महत्वपूर्ण कदम है, जो सामुदायिक स्तर पर जागरूकता और सहयोग को बढ़ावा देगा।