लखनऊ, 23 नवंबर 2025। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के परिवार में जल्द ही शहनाई बजने वाली है। 25 नवंबर को अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव की शादी होने जा रही है। इस कार्यक्रम को लेकर न केवल समाजवादी परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा है। आर्यन यादव की शादी लद्दाख की सेरिंग से होने जा रही है, जो पेशे से वकील हैं। उनकी शादी की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। रविवार को पारिवारिक कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने भी शिरकत की।
आर्यन यादव की शादी सैफई में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगी। आर्यन और सेरिंग की रिंग सेरेमनी 15 दिसंबर 2024 को दिल्ली में हुई थी। दोनों परिवारों ने मार्च 2025 में विवाह का निर्णय किया था, लेकिन आर्यन के पिता राजपाल यादव के निधन के बाद यह समारोह आगे बढ़ा दिया गया था। अब शुभ मुहूर्त के अनुसार, विवाह की तिथि 25 नवंबर तय की गई है।
आर्यन यादव की जीवनसंगिनी बनने जा रहीं सेरिंग लद्दाख की रहने वाली हैं। वह दिल्ली हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस कर रही हैं। सेरिंग के पिता लद्दाख के प्रतिष्ठित कारोबारी और ठेकेदार माने जाते हैं। अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव की प्रारंभिक शिक्षा इटावा में हुई है। इसके बाद उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा डीपीएस नोएडा में कक्षा 7 से 12 तक पूरी की। आर्यन दिल्ली विश्वविद्यालय में बीकॉम आनर्स की पढ़ाई करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए विदेश चले गए थे। आर्यन ने कार्डिफ यूनिवर्सिटी (यूके) से बीएससी इन बिजनेस और यूनिवर्सिटी आॅफ सिडनी (आॅस्ट्रेलिया) से 2019 में मास्टर आफ कामर्स किया है।
आर्यन यादव सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के भतीजे हैं और अखिलेश यादव के चचेरे भाई हैं। आर्यन यादव के पिता का नाम राजपाल सिंह यादव और माता का नाम प्रेमलता यादव है। अखिलेश यादव के सगे चाचा राजपाल सिंह यादव का 9 जनवरी 2025 को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। राजपाल यादव मुलायम सिंह से छोटे और शिवपाल यादव से बड़े थे। आर्यन की मां प्रेमलता यादव इटावा की जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। उनके बड़े भाई अभिषेक उर्फ अंशुल यादव भी लगातार दूसरी बार निविर्रोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए हैं।













